जशपुरनगर. शुक्रवार की सुबह कॉलेज जा रही तीन छात्राओं को एक सरकारी सूमो ने ठोकर मार दी, जिससे तीनों घायल हो गईं। उन्हें जिला अस्पताल लाया गया। गंभीर रूप से घायल एक छात्रा को कुनकुरी अस्पताल भेजा गया। घटना के करीब एक घंटे के बाद घटना स्थल पर फंसी गाड़ी को कुछ लोगों ने आग के हवाले कर दिया। गाड़ी महिला बाल विकास विभाग के जिला कार्यक्रम अधिकारी की थी।
पुलिस के अनुसार सुबह करीब 11.45 बजे छात्रावास की तीन छात्राएं सुरजति, महिमा तिर्की व आशा सोरेन कन्या महाविद्यालय जाने के लिए पैदल निकली थीं। रास्ते में गाड़ी ने उन्हें पीछे से जबरदस्त ठोकर मार दी। उस वक्त गाड़ी में अधिकारी नहीं थे।
गाड़ी हादसे के बाद सड़क के किनारे नाली में फंस गई। चालक तत्काल मौके से फरार हो गया। स्थानीय लोगों ने घायल छात्राओं को तत्काल जिला अस्पताल पहुंचाया। इधर, घटना की खबर लगते ही जिला अस्पताल में लोगों की भीड़ जुटने लगी। उधर कुछ लोगों ने घटना स्थल पर खड़ी सूमो में आग लगा दी। पुलिस ने चालक व आगजनी करने वाले अज्ञात लोगों के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
देर से पहुंची दमकल
घटना स्थल में सूमाे धू-धू कर जल रही थी। मौके पर लोगों की काफी भीड़ जमा थी। मौके पर मौजूद महिला एवं बाल विकास विभाग के अधिकारियों के साथ पत्रकारों और पुलिस ने बाल्टी में पानी ला-ला कर आग पर काबू पाने की कोशिश की। जब आधी आग बुझ चुकी थी उसके बाद नगर पालिका का दमकल वाहन वहां पहुंचा और आग पर काबू पाया। तब तक वाहन पूरी तरह जल चुका था।
घायल छात्राओं को मिलेगी मदद
घटना के बाद नगर पालिका अध्यक्ष हीरू राम निकुंज, एसडीएम सुनील नायक, कन्या महाविद्यालय के प्राचार्य डॉ. विजय रक्षित व अन्य स्टाफ जिला अस्पताल पहुंचा। उन्होंने घायल छात्राओं से मुलाकात की। एसडीएम नायक ने सभी घायल छात्राओं को सहयोग का भरोसा दिया।
उन्होंने यहां से ही कुनकुरी के प्रशासनिक अधिकारियों को फोन कर उन्हें गंभीर रूप से घायल छात्रा की देखरेख व आवश्यक व्यवस्था करने को कहा।
कन्या महाविद्यालय के प्राचार्य डॉ. विजय रक्षित ने यहां से रेफर हुई छात्रा के साथ कॉलेज के क्रीड़ा अधिकारी एस केरकेट्टा एवं प्रोफेसर डी मिंज को कुनकुरी भेजा।
उन्होंने कहा कि इस घड़ी में पूरा कॉलेज प्रबंधन छात्राओं के साथ है। उन्होंने घायल छात्राअों के शीघ्र स्वस्थ होने की कामना की। डॉ. रक्षित ने बताया कि घायल छात्राओं की चिकित्सा सुविधा के लिए महाविद्यालय प्रबंधन छात्र कल्याण निधि से अधिकतम राशि उन्हें प्रदान करेगा।