रायपुर. लांस नायक हनुमनथप्पा की जिंदगी की डोर जरूर दिल्ली में चार दिन बाद टूट गई, लेकिन उनकी शहादत ने पूरे देश की आंखें नम कर दी। हर कोई उनके समर्पण को सलाम कर रहा है। रायपुर के लोगों ने भी शुक्रवार को हनुमनथप्पा को जयस्तंभ चौक में इकट्ठा होकर अपने-अपने तरीके से श्रद्धांजलि दी।
इस दौरान हर किसी ने कहा देश का यह सच्चा सपूत वाकई में असली नायक है। जिसने अपनी मातृ-भूमि के अपने प्राण न्योछावर कर दिए जयस्तंभ चौक पर सामाजिक और राजनीतिक संगठनों ने हनुमनथप्पा की तस्वीर पर फूल चढ़ा कैंडल जलाकर उन्हें श्रद्धांजलि दी। वहीं स्कूल कॉलेजों में कक्षाओं की शुरुआत हनुमनथप्पा को श्रद्धांजलि देने के साथ हुई।
जयस्तंभ चौक पर सामाजिक कार्यकर्ता योगेश अग्रवाल ने अपने साथियों के साथ हनुमनथप्पा को श्रद्धांजलि दी। इस मौके पर उन्होंने कहा कि हनुमनथप्पा जैसे वीर सपूतों की वजह से ही हम देश में सुरक्षित हैं। उनकी शहादत को देश हमेशा याद रखेगा।
असंगठित क्षेत्र प्रकोष्ठ
प्रदेश कांग्रेस असंगठित क्षेत्र समस्या निवारण प्रकोष्ठ के प्रदेशाध्यक्ष दिलीप सिंह चौहान के साथ कार्यकर्ताओं ने कालीबाड़ी चौक स्थित इंदिरा गांधी की प्रतिमा के समक्ष हनुमनथप्पा को श्रद्धांजलि दी। इस दौरान सभी ने कहा कि इस वीर शहीद की शहादत हमेशा देशवासियों के जेहन में जिंदा रहेगी।
छत्रपति शिवाजी स्कूल
पुरानी बस्ती स्थित स्कूल में बच्चों और स्टाफ ने श्रद्धांजलि दी। इसके बाद संचालक मुकेश शाह ने बच्चों को हनुमनथप्पा और उनके जैसे वीर शहीदों के बलिदान की गाथा सुनाई। प्राचार्य नफीसा रंगवाला, मौली चटर्जी ने भी अपने विचार रखे।
महिला कांग्रेस ने कैंडल जलाकर दी श्रद्धांजलि
कार्यकर्ताओं ने जयस्तंभ चौक पर कैंडल हनुमनथप्पा को श्रद्धांजलि दी। शहर अध्यक्ष उषा रज्जन श्रीवास्तव के साथ आशा चौहान, साधना शर्मा, आभा मरकाम, राधा राजपाल, रेखा रामटेके, बिंदु प्रसाद, सरिता शर्मा, कल्याणी तिवारी आदि ने श्रद्धांजलि दी।