रायपुर. प्रदेश में एक बार फिर मौसम में बदलाव आया है। राज्य के कुछ हिस्सों में हल्की बारिश हुई है वहीं राजधानी में भी सुबह हल्के बादल छाए रहे। इस वजह से ठंड कम हो गई है।
मौसम में फिर अजीबोगरीब तरीके से बदलाव आया है। एक तरफ हवा की उत्तर-पश्चिमी होने के कारण रात के तापमान में कमी आई है। ठंड कम हुई है वहीं अब समुद्र से भी नमी आने के कारण बादल छाने लगे हैं।
उत्तरी छत्तीसगढ़ के अंबिकापुर और पेंड्रारोड में बारिश भी हुई है। इस वजह से भी ठंड कम हो गई है। बदली-बारिश की वजह से अंबिकापुर में दिन का तापमान भी ज्यादा नहीं बढ़ा। यह अधिकतम 25.6 डिग्री दर्ज किया गया।
इधर, गुरुवार को सुबह राजधानी रायपुर के आउटर में सुबह थोड़ी देर से सूरज निकला। बादल छाए रहने की वजह से ऐसा हुआ। इस वजह से ठंड लगभग गायब रही। दिन में तापमान भी 33.3 डिग्री दर्ज किया गया। न्यूनतम तापमान 21.7 डिग्री तक पहुंच गया।
लालपुर मौसम केंद्र के सहायक मौसम विज्ञानी एम. गोपाल राव के अनुसार प्रदेश में अगले 48 घंटे तक बदली-बारिश की स्थिति रहेगी। कहीं-कहीं हल्की से मध्यम बारिश या गरज-चमक के साथ बौछारें पड़ने की संभावना है। राजधानी रायपुर में दिन का तापमान 33 और रात में न्यूनतम 16 डिग्री के आसपास रहने की संभावना है।