- Hindi News
- श्यामनगर में गंदा और झाग वाला पानी, दहशत में लोग
श्यामनगर में गंदा और झाग वाला पानी, दहशत में लोग
रायपुर|श्यामनगर गुरुद्वाराके पीछे की कालोनी में गंदा और झाग वाला पानी आने से लोग दहशत में हैं।
नल से गिलास में पानी लेने पर झाग रहा है। लोगों ने बीमारी के भय से पानी का उपयोग बंद कर दिया है। नगर निगम से शिकायत करने के अलावा टैंकर मंगवा रहे हैं। निगम ने टैंकर की व्यवस्था तो कर दी है लेकिन पानी को साफ करने या झाग आने का कारण जानने का प्रयास नहीं किया।
आला अफसरों से भी शिकायत की गई लेकिन फायदा नहीं हुआ। लोगों ने भास्कर को बताया कि पिछले एक हफ्ते से लोग पानी को लेकर परेशान हैं। पहले झाग वाला पानी आया। एक-दो दिन बाद उसका रंग बदला और बदबू आने लगी। निगम में शिकायत करने पर अफसरों ने चुनाव का हवाला देकर टाल दिया। हालांकि पानी का टैंकर निगम ही उपलब्ध करवा रहा है।
इस संबंध में नगर निगम के जल विभाग के ईई एके माल्वे का कहना है कि शिकायत नहीं आई है। सोमवार को इस समस्या के समाधान के लिए पाइप लाइन की जांच करवाई जाएगी।
भास्कर को सुशील बलानी, परमजीत सिंह, सुरेंदर सिंह, अजमानी भरत बजाज ने बताया कि पानी में इतना झाग रहता है कि पानी को निस्तारी के लिए भी उपयोग नहीं किया जा सकता। तीन दिनों से पानी नहीं मिलने के कारण घर के सभी लोग परेशान हैं। टैंकर भी समय पर नहीं पहुंचता, जिससे ड्यूटी या अन्य कार्य प्रभावित हो रहा है। लोगों का कहना है कि तेलीबांधा गुरुद्वारा रोड पर गड्ढा खोदा गया है। आशंका है कि इसी गड्ढे से सीवरेज का पानी भी पाइप लाइन में जा रहा है। गड्ढा को ठीक किया जाए तो पानी की समस्या का समाधान हो सकता है।