- Hindi News
- भितरघात रोकने जगह जगह जासूस बैठाएगी भाजपा
भितरघात रोकने जगह-जगह जासूस बैठाएगी भाजपा
नगरीयनिकाय चुनाव में भितरघात रोकने के लिए भाजपा हर विधानसभा क्षेत्र में एक-एक जासूस बैठाने जा रही है। इनका काम केवल जासूसी करना होगा कि कौन चुनाव में काम कर रहा है और कौन घर बैठ गया है। इसके अलावा विरोधियों को मदद करने वालों को भी ये जासूस वॉच करेंगे।
भाजपा को यह फैसला इसलिए करना पड़ा है क्योंकि सभी नगरीय निकायों में टिकट चाहने वालों की संख्या काफी अधिक थी। टिकट की घोषणा होने के बाद टिकट से वंचित नेताओं ने बगावती तेवर दिखाने शुरू कर दिए हैं। कई क्षेत्रों में बागियों ने नामांकन भी दाखिल कर दिया है। पर क्षेत्रों में ऐसे नेताओं की संख्या अधिक नजर रही है जो अपनी नाराजगी जाहिर तो कर रहे हैं लेकिन प्रत्याशी को सपोर्ट नहीं कर रहे। कई क्षेत्रों में सांसद और विधायक अपने-अपने लोगों को टिकट दिलाना चाहते थे लेकिन वे सफल नहीं हो पाए। ऐसे में उनका असहयोग पार्टी प्रत्याशियों के लिए नुकसानदायक साबित हो सकता है। इस कारण भाजपा ने ऐसे नेताओं पर नकेल डालने के लिए हर विधानसभा क्षेत्र में एक-एक वरिष्ठ नेता को पर्यवेक्षक बनाकर भेजने का फैसला किया है। इस नेता का काम केवल यही होगा कि काम करने और नहीं करने वालों के बारे में शीर्ष नेताओं को रिपोर्ट दे। इसके लिए हर विधानसभा क्षेत्र को एक इकाई मानकर पर्यवेक्षक की तैनाती की जाएगी। इसके लिए दूसरे प्रदेश से किसी नेता को नहीं लाया जाएगा बल्कि स्थानीय नेताओं में से चुने हुए लोगों को यह जिम्मेदारी दी जा रही है। एक-दो दिनों में इनकी नियुक्ति हो जाएगी। उल्लेखनीय है कि हर नगरीय निकाय में चुनाव संचालक की जिम्मेदारी अलग से दूसरे नेता को दी जाएगी। भितरघात पर अंकुश लगाने के लिए जिनको जिम्मेदारी दी जाएगी, वे एक विधानसभा क्षेत्र के सभी नगरीय निकायों के बारे में अपनी रिपोर्ट तैयार करेंगे।