- Hindi News
- मेगा ब्लाक के कारण चार लोकल ट्रेनें रही रद्द
मेगा ब्लाक के कारण चार लोकल ट्रेनें रही रद्द
रायपुर | दाधापाराऔर सिलियारी स्टेशन के बीच रेल पटरियों की मरम्मत की वजह से रविवार को चार लोकल ट्रेनों को रद्द किया गया। लेकिन रेलवे ने यात्रियों की परेशानी का ध्यान नहीं रखा। वैकल्पिक इंतजाम नहीं करने से यात्री परेशान हुए। रायपुर रेल मंडल के अंतर्गत दाधापारा-सिलियारी के बीच तीनों लाइनों में मरम्मत की जा रही है। इस वजह से रविवार को ट्रेनों का परिचालन प्रभावित हुआ। 21 और 28 सितंबर को भी मेगा ब्लाक लिया जाएगा। यह दोनों ही तारीख रविवार को है। पूरे सितंबर महीने के रविवार को इस रूट पर ट्रेनों के आवागमन का रोका जा रहा है। मेगा ब्लॉक के कारण कुछ पैसेंजर ट्रेनों का परिचालन प्रभावित रहा। 58117 झारसुगड़ा-गोंदिया पैसेंजर को बिलासपुर स्टेशन में खत्म किया गया। इस ट्रेन को बिलासपुर रायपुर के बीच रद्द किया गया। 58118 गोंदिया-झारसुगड़ा पैसेंजर को रायपुर स्टेशन में समाप्त किया गया। यह ट्रेन रायपुर बिलासपुर के बीच रद्द रही।
68746 रायपुर-गेवरारोड पैसेंजर रायपुर बिलासपुर स्टेशन के बीच रद्द रही। इसी तरह 68719 बिलासपुर-रायपुर पैसेंजर रद्द कर दी गई।