- Hindi News
- कांग्रेस ने की कुलपतियों को बर्खास्त करने की मांग
कांग्रेस ने की कुलपतियों को बर्खास्त करने की मांग
प्रदेश के विश्वविद्यालयों में प्रोफेसरों की भर्ती में गड़बड़ी को लेकर शहर कांग्रेस ने राज्यपाल से शिकायत की। कांग्रेस नेताओं ने प्रदेश के दो विश्वविद्यालयों के कुलपतियों को तत्काल बर्खास्त करने की मांग की। जिलाध्यक्ष विकास उपाध्याय के नेतृत्व में एक प्रतिनिधिमंडल राज्यपाल बलरामदासजी टंडन से मिला। उन्होंने सरगुजा विवि और पत्रकारिता विवि के कुलपतियों को बर्खास्त करने की मांग की। उन्होंने पं. रविशंकर शुक्ल विवि, बस्तर विवि, आयुष विवि और तकनीकी विश्वविद्यालय की भी शिकायत की कि वहां के कुलपति नियमों को ताक पर रखकर नियुक्तियां कर रहे हैं।
संबद्ध कालेजों में प्रोफेसरों को छठा वेतनमान नहीं दिला रहे। उन्हें शिक्षाकर्मियों से भी कम वेतन दिया जा रहा है।
शिकायत में कहा गया है कि सरगुजा विश्वविद्यालय के कुलपति अध्यादेश के खिलाफ जा कर शिक्षकों की भर्ती कर रहे हैं। उन्होंने रीडर एवं प्रोफेसर की भर्ती के लिए ऑनलाइन आवेदन मंगाए लेकिन उसमें अभ्यर्थियों से डीडी जमा कराने का कोई सिस्टम नहीं बनाया गया था। आवेदकों के आवेदन जमा ही नहीं हो सके जबकि सरकार ने सीधी भर्ती में ऑनलाइन के साथ ही डाक से भी आवेदन मंगाने की अनिवार्यता लागू की है। वहीं कुशाभाऊ ठाकरे पत्रकारिता एवं जनसंचार विश्वविद्यालय में प्रोफेसरों की भर्ती में अनियमितता को लेकर छत्तीसगढ़ लोक आयोग ने कुलपति को दोषी करार दिया है।