जयपुर पैर के साथ बढ़ेंगे कदम
रायपुर| प्रदेशके सैकड़ों विकलांगों के कदम अब जयपुर पैर के साथ मंजिल की ओर बढ़ेंगे। विनय मित्र मंडल ने उन्हें जयपुर पैर और कृत्रिम उपकरण देकर जीवन की दौड़ में शामिल होने का हौसला दिया है।
14 सितंबर से सदर बाजार के महावीर भवन में शांति विजय गुरुदेव के स्वर्गारोहण पर चल रहे विकलांग शिविर का गुरुवार को समापन हुआ। इस मौके पर मौजूद अतिथियों ने अपने संबोधन के जरिए विकलांगों में जीवन की जंग जीतने का जोश भरा। समारोह की मुख्य अतिथि राखी दिनेश कोचर ने कहा कि हमें स्वस्थ्य शरीर मिला है इसलिए हम शरीर का महत्व नहीं समझ पाते हैं। जब किसी चीज का अभाव होता है, तो उसका महत्व समझ में आता है। विनय मित्र मंडल विकलांगों के दर्द को महसूस कर उन्हें नया जीवन देने की दिशा में काम कर रहा है। यह सराहनीय है। स्वागत भाषण में संस्था के अध्ययक्ष महेंद्र कोचर ने बताया कि पिछले 28 सालों में 15 हजार जयपुर पैरों का निर्माण कर विकलांगों को नया जीवन देने का प्रयास संस्था ने किया है। समारोह का संचालन आकाश गोलछा और आभार प्रदर्शन महावीर मालू ने किया।