- Hindi News
- सारडा समूह पर आयकर छापा, 13 स्थान जांच के घेरे में
सारडा समूह पर आयकर छापा, 13 स्थान जांच के घेरे में
रायपुर | आयकरविभाग ने स्टील और पॉवर सेक्टर के बड़े समूह सारडा ग्रुप पर गुरुवार को सुबह छापे मारे और जांच शुरू कर दी। रायपुर के अलावा समूह से संबंधित महाराष्ट्र, विशाखापट्ट्नम आंध्रप्रदेश, मुंबई, दिल्ली, उत्तराखंड और सिक्किम स्थित प्रतिष्ठानों को भी जांच के दायरे में लिया गया है।
राजधानी रायपुर में समूह के संचालक कमल सारडा और पंकज सारडा के निवास सहित 13 स्थानों को जांच के दायरे में लिया गया है। सूत्रों के अनुसार नागपुर मुख्यालय की इस कार्रवाई में 150 अफसरों की टीमें 23 स्थानों पर जांच कर रही हैं। रायपुर आयकर अमले की मदद भी ली गई है। विभाग की टीमें सारडा एनर्जी प्लांट, सिलतरा में ही रायपुर एलायस तथा वाणिज्य भवन स्थित कार्यालय में जांच कर रहा है।
राजनांदगांव में एक बिलासपुर में दो प्रतिष्ठानों पर भी जांच चल रही है। आयकर विभाग ने बताया कि ग्रुप का म़ुख्यालय नागपुर में है और वह मुंबई में आयकर रिटर्न भरता है। ज्वाइंट डायरेक्टर इंवेस्टिगेशन संजय कुमार का कहना है कि सभी जगह जांच जारी है तथा मिले दस्तावेजों, कैश और जेवरात तथा स्टॉक का मूल्यांकन किया जा रहा है। जांच में फिलहाल चार करोड़ रुपए कैश तथा जेवरात और आधा दर्जन लॉकर मिलने की सूचना है।