- Hindi News
- कांग्रेस में पांच महापौरों पर फंसा पेंच, आज बैठक
कांग्रेस में पांच महापौरों पर फंसा पेंच, आज बैठक
प्रदेशकांग्रेस ने पांच नगर निगमों के महापौर के लिए पैनल बना लिया है। पांच नगर निगमों में पेंच फंसा हुआ है। पहले चरण की नगर पालिकाओं और नगर पंचायतों में भी अध्यक्षों के नाम पर एकराय नहीं बन सकी है, लिहाजा एआईसीसी ने प्रदेश चुनाव समिति के 30 सदस्यों में से 12 वरिष्ठ नेताओं की उपसमिति बना दी है।
शुक्रवार को सुबह 10.30 बजे कांग्रेस भवन में उनकी बैठक होगी। कांग्रेस के सभी नेता दिल्ली से बुधवार को लौटे। गुरुवार शाम को चुनाव समिति की बैठक कांग्रेस भवन में होनी थी, लेकिन इसे टाल दिया गया। इसके लिए प्रदेश अध्यक्ष भूपेश बघेल ने इसके लिए वरिष्ठ नेताओं से अलग-अलग रायशुमारी की। कांग्रेस भवन में बघेल, डॉ. चरणदास महंत और मोहम्मद अकबर से बंद कमरे में चर्चा की। उन्होंने सत्यनारायण शर्मा से भी चर्चा की है। सूत्रों का कहना है कि रायपुर से प्रमोद दुबे के नाम पर सहमति बनती दिख रही है। रायपुर से विकास उपाध्याय, पारस चोपड़ा के भी नाम हैं। राजनांदगांव से विजय पांडे, कुलबीर छाबड़ा का नाम है। अंबिकापुर से ड़ॉ. अजय तिर्की का नाम लगभग तय बताया जा रहा है। धमतरी में सरिता दोषी के साथ दो नामों का पैनल और है। बिलासपुर और कोरबा नगर निगम के लिए अभी नामों का पैनल नहीं बन सका है।
चिरमिरी में अनिमेश सिंह और डमरु रेड्डी के नाम प्रमुख है। रायगढ़ नगर निगम से जेठूराम मनहर और मनोज सागर का नाम पैनल में है। दुर्ग महापौर के लिए वोरा खेमे ने सीमा मध्यानी का नाम बढ़ाया है। पैनल में प्रतिमा चंद्राकर और कल्पना देशमुख का भी नाम है। तिल्दा नगर पालिका अध्यक्ष के लिए रमेश तिवारी, महासमुंद में मनोज कांत साहू, बलौदाबाजार में विक्रम पटेल के नाम की घोषणा हो सकती है। एआईसीसी ने 12 वरिष्ठ नेताओं की उपसमिति तय कर दी है।
यह समिति शुक्रवार को विधायक, विधायक प्रत्याशी, सांसद प्रत्याशी के साथ जिलाध्यक्षों से राय लेंगे और अंतिम सूची तैयार करेंगे। उपसमिति में मोतीलाल वोरा, मोहसिना किदवई, भक्तचरण दास, अजीत जोगी, भूपेश बघेल, टीएस सिंहदेव, डॉ. चरणदास महंत, ताम्रध्वज साहू, मोहम्मद अकबर, पुष्पादेवी सिंह, पीआर खूंटे और लखेश्वर बघेल को रखा गया है। सूत्रों की मानें तो बैठक के बाद पहले चरण के निकायों के प्रत्याशियों के नाम की घोषणा की जा सकती है।