- Hindi News
- एयरपोर्ट में पार्किंग टाइम में राहत और एयरोब्रिज पर फैसला आज
एयरपोर्ट में पार्किंग टाइम में राहत और एयरोब्रिज पर फैसला आज
एयरपोर्टजाने वालों की मुश्किलें अब कुछ कम हो सकती हैं। एयरपोर्ट में पार्किंग का समय पांच से दस मिनट करने, एयरोब्रिज और भोपाल फ्लाइट शुरू करने समेत कई मुद्दों पर मंगलवार को दोपहर 3 बजे होने वाली एयरपोर्ट सलाहकार समिति की बैठक में गरमागरम चर्चा होने के आसार हैं। बैठक की अध्यक्षता रायपुर के सांसद रमेश बैस करेंगे। गौरतलब है कि दैनिक भास्कर ने लगातार इन समस्याओं पर कई खबरें प्रकाशित की हैं। इसके बाद ही समिति की बैठक में इन मुद्दों पर भी चर्चा करने का फैसला लिया गया है।
एयरपोर्ट में पार्किंग का समय पांच से दस मिनट कराने के लिए शहर के कई नामी संगठनों ने केंद्रीय उड्डयन मंत्रालय को चिट्ठी भी लिखी थी। केंद्र के अफसरों ने इस मामले में रायपुर एयरपोर्ट अथॉरिटी के अफसरों से जानकारी भी मांगी थी। सलाहकार समिति पार्किंग का समय बढ़ाने की सिफारिश करती है, तो इसे नए ठेके में या वर्तमान ठेके के नियमों में संशोधन कर लागू किया जा सकता है। गौरतलब है, एयरपोर्ट में पार्किंग टाइम महज पांच मिनट करने का फैसला भी इसी समिति ने लिया था, जिसे बाद में एयरपोर्ट अथारिटी ने लागू कर दिया था।
ये रहेंगे बैठक में
एयरपोर्टसलाहकार समिति के अध्यक्ष रमेश बैस के साथ विमानन विभाग के सचिव आरएस विश्वकर्मा, कलेक्टर ठाकुर राम सिंह, एसपी ओपी पॉल, पर्यटन विभाग के एमडी संतोष मिश्रा, एयरपोर्ट डायरेक्टर अनिल रॉय, जेट एयरवेज के मनोज गुप्ता, इंडिगो एयरलाइंस के कुणाल भसीन, ट्राई के अध्यक्ष कीर्ति व्यास और होटल एसोसिएशन के एक प्रतिनिधि शामिल होंगे। विधायक सत्यनारायण शर्मा ने बताया कि एयरपोर्ट सलाहकार समिति की बैठक में शामिल होने के लिए उन्हें सूचना ही नहीं दी गई, इसलिए वे दिल्ली चले गए और बैठक में शामिल नहीं हो पाएंगे।