- Hindi News
- निगम ने कचहरी चौक के पास नाले पर बने 40 पाटे तोड़े गए
निगम ने कचहरी चौक के पास नाले पर बने 40 पाटे तोड़े गए
रायपुर | नगरनिगम के जोन-4 के अमले ने कचहरी चौक के आसपास मंगलवार को दिनभर अभियान चलाकर कब्जे हटाए तथा सड़क खराब करने वालों पर जुर्माना किया। तोड़फोड़ दस्ते ने कचहरी चौक से मदीना बिल्डिंग तक दुकानों के सामने नालियों पर बनाए गए 40 से ज्यादा पाटे तोड़ दिए। यही नहीं, 20 ऐसे विज्ञापन बोर्ड हटाए गए, जिनसे सड़क अवरुद्ध हो रही थी। जोन अमले ने यहीं महिंद्रा होटल के मालिक पर सड़क खोदने की वजह से 25 हजार रुपए का जुर्माना किया। सड़क इस तरह खोदी गई थी कि इस वजह से हादसे भी हो रहे थे। होटल पर जुर्माने के बाद अमला बालाजी होटल पहुंचा।
होटल ने साफ-सफाई करने के बाद सारी गंदगी नाली में डाल दी। होटल संचालक पर 2 हजार जुर्माना करने के बाद तालाबंदी कर दी गई।
इसी तरह, अजय सुपर बाजार ने सड़क पर गंदा पानी बहा दिया था। उस पर भी 4 हजार रुपए का जुर्माना किया गया। इसी तरह, जोन-6 के अमले ने संतोषी नगर, पचपेड़ी नाका और एमएमआई अस्पताल के सामने से अवैध कब्जा जमाए आठ ठेलों को हटाया। कबाड़ी दुकान से कार भी हटाई गई।