- Hindi News
- पीएमटी फर्जीवाड़ा एक और मुन्नाभाई का कोर्ट में सरेंडर
पीएमटी फर्जीवाड़ा एक और मुन्नाभाई का कोर्ट में सरेंडर
रायपुर | छत्तीसगढ़में पीएमटी फर्जीवाड़े के एक और आरोपी ने मंगलवार को कोर्ट में सरेंडर कर दिया। उसने जमानत की अर्जी दी, जिसे अदालत ने खारिज कर दिया। केस डायरी के मुताबिक हेमंत कुमार निर्मलकर पर भी पीएमटी (प्री मेडिकल टेस्ट) 2011 में परीक्षा दिए बिना मेडिकल में दाखिला लेने का आरोप है। उसकी जगह मुन्नाभाई की तर्ज पर दूसरे व्यक्ति ने परीक्षा दी थी। सरेंडर के बाद कोर्ट में लगाए गए जमानत आवेदन में निर्मलकर ने कहा कि उसे झूठा फंसाया गया है। भागने की संभावना भी नहीं है, इसलिए उसे जमानत दी जाए। कोर्ट ने मामले की गंभीरता को देखते हुए जमानत देने जमानत देने से इंकार कर दिया और न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया। बिना परीक्षा दिए ही कई छात्र पीएमटी परीक्षा में सफल हो गए और उन्होंने अलग-अलग मेडिकल कालेजों में प्रवेश लेकर मेडिकल की पढ़ाई भी शुरू हो गई।
इसका खुलासा होने के बाद सीआईडी (क्राइम इन्वेस्टिगेशन डिपार्टमेंट ) ने मामले की जांच की। यह बात सामने आई कि मुन्ना भाइयों (फर्जी छात्रों) ने पैसे लेकर वास्तविक छात्रों की परीक्षा दी। सीआईडी ने इस पूरे मामले में 77 छात्रों की जांच की। इनमें से 46 के खिलाफ 5 जुलाई 2011 को धोखाधड़ी, फर्जी दस्तावेज, कूटरचना तथा आपराधिक षडयंत्र का मामला पंजीबद्ध किया गया। अब तक लगभग 44 आरोपी कोर्ट में पेश किए जा चुके हैं या वे खुद सरेंडर कर चुके हैं। एक-दो आरोपी अब भी फरार बताए जा रहे हैं।