- Hindi News
- छात्राओं से छेड़छाड़, सरकारी स्कूल का प्रिंसिपल गया जेल
छात्राओं से छेड़छाड़, सरकारी स्कूल का प्रिंसिपल गया जेल
राजधानीसे लगे सरोरा में सरकारी स्कूल के प्रभारी प्रिंसिपल को छेड़छाड़ के आरोप में गिरफ्तार कर लिया गया। स्कूल की दर्जनभर छात्राओं ने सोमवार को थाने में लिखित शिकायत की थी कि पढ़ाई के दौरान प्रिंसिपल क्लास का दरवाजा बंद कर देता था और छेड़छाड़ की कोशिश करता था। शिकायत की जांच में पुलिस को ये भी पता चला कि आरोपी ने छात्राओं को शिकायत वापस लेने के लिए भी धमकाया था। इसके बाद, मंगलवार को पुलिस ने प्रभारी प्रिंसिपल अरविंद तिवारी के खिलाफ एफआईआर की और उसे गिरफ्तार कर जेल भेज दिया।
उरला टीआई मीना चौधरी ने बताया कि सरोरा स्कूल के प्रभारी प्रिंसिपल अरविंद तिवारी (36) के खिलाफ 9वीं और 10वीं की छात्राओं ने शिकायत की थी। वह नगर निगम शिक्षाकर्मी वर्ग-एक है, लेकिन प्राचार्य के प्रभार में है। इस स्कूल में लड़के-लड़कियां दोनों पढ़ते हैं। छात्राओं ने शिकायत की थी कि क्लास में आते ही वह दरवाजे बंद कर दिया करता था। इसके बाद पढ़ाई के दौरान छात्राओं से छेड़छाड़ की कोशिश करता था। शिकायत में कहा गया कि छात्राओं ही नहीं, काफी लोगों इसका कई बार विरोध किया था, लेकिन वह अपनी हरकत से बाज नहीं रहा था। इसी वजह से छात्राओं ने सोमवार को उरला थाने में लिखित शिकायत की। उन्होंने आरोपी पर कार्रवाई की मांग की।
पुलिस के अनुसार जांच में यह भी पाया गया कि शिकायत की खबर लगते ही उसने छात्राओं पर रिपोर्ट वापस लेने का दबाव डाला था। इस वजह से कुछ छात्राओं ने पुलिस से कार्रवाई नहीं करने की मांग भी कर डाली थी। मंगलवार को पुलिस ने स्कूल की दोनों क्लास की पांच लड़कियों के बयान लिए। इस आधार पर तिवारी के खिलाफ छेड़छाड़ का मामला दर्ज किया गया।
हो चुका है बर्खास्त
पुलिसने बताया कि छेड़छाड़ के आरोपी शिक्षक तिवारी को दो साल पहले कांकेर जिले के अंतागढ़ में चल रही एकलव्य आवासीय स्कूल से बर्खास्त किया गया था। उसके खिलाफ उस स्कूल के प्राचार्य से मारपीट का मामला भी दर्ज किया गया था। आरोपी अंग्रेजी का शिक्षक है।