- Hindi News
- राज्य में बारिश सालभर के कोटे से सिर्फ सौ मिमी कम
राज्य में बारिश सालभर के कोटे से सिर्फ सौ मिमी कम
रायपुर | छत्तीसगढ़में एक जून से अब तक 1046 मिलीमीटर बारिश हो चुकी है। सालभर की औसत सामान्य बारिश 1147 मिमी है। राज्य में मानसून की अवधि सितंबर अंत तक मानी जाती है। इस तरह, करीब दो हफ्ते बाकी हैं और कोटा पूरा करने के लिए सिर्फ 100 मिमी बारिश की ही और जरूरत है। इतनी बारिश हो गई तो राज्य में मानसून को मौसम विशेषज्ञ इस साल के लिए अच्छा मान लेंगे। मौसम विभाग के अनुसार रायपुर और बस्तर संभागों में अच्छी बारिश हो चुकी है। सरगुजा संभाग में कुछ देर से बारिश शुरू हुई, लेकिन अब वहां भी पर्याप्त पानी गिर चुका है। इधर, पिछले दिनों उड़ीसा तट पर बना सिस्टम आगे बढ़ गया है। इस वजह से प्रदेश में भारी बारिश की संभावना कम हो गई है। नमी की वजह से हल्की से मध्यम बारिश हो सकती है। पिछले 24 घंटे में शिवरीनारायण में 30, राजपुर, भरतपुर, कोंटा, बीजापुर, बैरमगढ़ में 10 मिमी बारिश हुई। आज दिन में बिलासपुर और जगदलपुर में सवा मिमी के आसपास बारिश हुई। लालपुर मौसम केंद्र के सहायक मौसम विज्ञानी के अनुसार वातावरण में नमी की वजह से प्रदेश में हल्की से मध्यम बारिश या गरज-चमक के साथ बौछारें पड़ने की संभावना है।
राजधानी में भी आंशिक बादल छाए रहेंगे या एक-दो बार गरज-चमक पड़ने की संभावना है।
मौसम