कांग्रेस ने किया थाने का घेराव
राशन कार्ड निरस्त करने के विरोध में कांग्रेस ने गुरुवार को कोतवाली थाने में प्रदर्शन किया। उन्होंने राशन नहीं देने को लेकर सरकार के खिलाफ एफआईआर करने की मांग की। लगभग 250 महिलाओं ने इसके लिए लिखित आवेदन भी दिया। कांग्रेस कार्यकर्ता गांधी मैदान में एकत्रित हुए। वहां होर्डिंग और झंडे लेकर रैली की शक्ल में कोतवाली थाने पहुंचे। वे रमन सरकार के खिलाफ नारेबाजी कर रहे थे। कांग्रेस के प्रदेश अध्यक्ष भूपेश बघेल ने कहा कि सरकार गरीबों के साथ धोखाधड़ी कर रही है। 45 दिन में कार्डों के सत्यापन की कार्य योजना घोषित की गई थी। अब सतत प्रक्रिया कह रहे हैं।
सरकार को वेबसाइट पर सत्यापित सूची जारी करनी थी। यह सतत प्रक्रिया नहीं कार्डधारियों को परेशान करने की प्रक्रिया है। हितग्राही दर -दर भटक रहे हैं। लोगों को राशन नहीं मिल रहा है। महिलाओं को अपमानित किया जा रहा है। गरीब ही भाजपा सरकार के निशाने पर हैं। प्रदर्शन में कांग्रेस के प्रदेश सचिव एजाज ढेबर, जिलाध्यक्ष विकास उपाध्याय, नारायण कुर्रे, महेंद्र छाबड़ा, पार्षद सतनाम पनाग कार्यकर्ता मौजूद थे।