- Hindi News
- कश्मीर बाढ़ पीड़ितों के लिए भेजी दस करोड़ की सामग्री
कश्मीर बाढ़ पीड़ितों के लिए भेजी दस करोड़ की सामग्री
रायपुर | दक्षिणपूर्व मध्य रेलवे द्वारा छत्तीसगढ़ से जम्मू कश्मीर के बाढ़ पीड़ितों के लिए राहत की पहली खेप भेजी गई। राज्य शासन ने 10 करोड़ रुपए की राहत सामग्री जम्मू-कश्मीर के लिए दी है। रेलवे ने इस सामग्री को निशुल्क तौर पर भेजने का निर्णय लिया है। सोमवार को ही रेलवे बोर्ड ने बिलासपुर जोन को पत्र जारी कर निशुल्क तौर पर राहत सामग्री भेजने का आदेश दिया। रेलवे बोर्ड ने दक्षिण पूर्व मध्य रेलवे के महाप्रबंधक नवीन टंडन को पत्र भेजकर इसकी जानकारी दी है।
पत्र में कहा गया है कि बाढ़ पीड़ितों के लिए जोन के किसी भी स्टेशन से भेजे जाने वाले रैक के बदले में माल ढुलाई का कोई शुल्क नहीं लिया जाएगा। इसके साथ ही रेलवे ने बाढ़ पीड़ितों को निशुल्क तौर पर रेल नीर ब्रांड की पानी बोतल भी पहुंचाने के लिए कहा है। रेलवे द्वारा विशेष रैक के माध्यम से राहत सामग्री पहुंचाने का काम शुरू कर दिया गया है। राज्य शासन के अलावा यदि कोई निजी तौर पर भी बाढ़ पीड़ितों की मदद के लिए कुछ भेजना चाहता है, तो उसे भी रेलवे निशुल्क तौर पर जम्मू स्टेशन तक पहुंचाएगा।