हेराफेरी, होगी एफआईआर
रायपुर | गिधौरीके राइस मिलर से पौने 5 करोड़ का धान जब्त करने के बाद शासन अब मिलर के खिलाफ एफआईआर कराने जा रहा है। खाद्य अफसरों ने हाल में गिधौरी के अंशी फूड में छापा मारकर 4 करोड़ 71 लाख का धान, कनकी और चावल जब्त किया था। मिलर विजय अग्रवाल के खिलाफ सरकारी नियमों के उल्लंघन के मामले में कलेक्टर से एफआईआर की अनुमति ली गई है।
खाद्य नियंत्रक दयामणि मिंज और सहायक खाद्य अधिकारी आरसी गुलाटी ने बताया कि राइस मिलर ने 2013-14 में 40 हजार क्विंटल धान की कस्टम मिलिंग के लिए अनुबंध किया था। मिलर ने 35005.72 क्विंटल धान का उठाव किया था, लेकिन चावल 12658.75 क्विंटल ही जमा किया। यही वजह है कि मिलर के खिलाफ छत्तीसगढ़ चावल उपाप्ति (उद्ग्रहण) आदेश 2004 और आवश्यक वस्तु अधिनियम 1955 के तहत एफआईआर होगी। शुरुआती जांच में करीब पौने 5 करोड़ रुपए का 15 हजार क्विंटल धान बाजार में बेचने की बात रही है। गौरतलब है, इस मिल से पिछले साल भी अफसरों ने 244 क्विंटल चावल तथा 397 क्विंटल कनकी जब्त की थी। यह काम अमानत में खयानत की श्रेणी में आता है।