पाएं अपने शहर की ताज़ा ख़बरें और फ्री ई-पेपर

डाउनलोड करें
  • Hindi News
  • तीन ट्रक चुराए, काटकर पार्ट्स बेचे आठ लोगों का गिरोह फूटा, तीन फरार

तीन ट्रक चुराए, काटकर पार्ट्स बेचे आठ लोगों का गिरोह फूटा, तीन फरार

7 वर्ष पहले
  • कॉपी लिंक
राजधानी रायपुर में ट्रक चुराकर बेचनेवालों का बड़ा गिरोह फूटा है। गिरोह के लोग ट्रक चुराने के बाद उसे टुकड़ों में बांटकर पार्ट्स और कीमती सामान कबाड़ियों के पास बेचते थे। गिरोह ने तीन ट्रक चुराना कबूला है। इसके दो लाख रुपए के पार्ट्स भी जब्त किए गए। फिलहाल गिरोह के आठ लोग पकड़े गए हैं, तीन फरार हैं। इनकी गिरफ्तारी के लिए क्राइम ब्रांच की टीम मौदहा (उत्तरप्रदेश) जाएगी।

क्राइम ब्रांच के अफसरों ने बताया कि गिरोह के गिरफ्तार सदस्यों में अनीस उर्फ अनीसुद्दीन उरला, अब्दुल वसीम मौदहापारा, समद अली उरला, सच्ची उर्फ शमसुद्दीन मौदहापारा, नाजिर अली उरला, दिलावर खान उरला, सोनू उर्फ नसीम मौदहापारा तथा कबाड़ी मंतराम यादव बलौदाबाजार शामिल हैं। तीन आरोपी सरका, जुम्मू और अदनान फरार हैं। ये तीनों उत्तरप्रदेश के मौदहा के निवासी हैं। सभी को उरला में एक माह पहले चोरी गए दो ट्रकों की जांच के दौरान घेरा गया। ट्रक चोरी की रिपोर्ट उरला थाने में लिखाई गई थी। अफसरों ने बताया कि आजम चौक, उरला में दो आरोपी चुराए गए ट्रक के पार्ट्स बेचने की बात कर रहे थे, तब पकड़े गए। दोनों को उरला पुलिस और क्राइम ब्रांच ने हिरासत में लेकर पूछताछ की। आरोपियों ने दस चक्के वाले ट्रक चुराना कबूल किया। दोनों ने गिरोह के बाकी सदस्यों के नाम और भूमिका बताई तथा कबाड़ी मंतराम का नाम भी बताया। आरोपियों की निशानदेही पर क्राइम ब्रांच की टीम ने बलौदाबाजार जाकर कबाड़ी के यहां से दो लाख रुपए के ट्रक के पार्ट्स जब्त किए। क्राइम ब्रांच प्रभारी संजय सिंह के अनुसार इस गिरोह के फरार लोगों की तलाश में कुछ और संबंधियों से पूछताछ की जा सकती है।