- Hindi News
- लोगों को राहत, स्टेडियम के पास खड़े होंगे वाहन
लोगों को राहत, स्टेडियम के पास खड़े होंगे वाहन
रायपुर| नयारायपुर स्थित शहीद वीरनारायाण सिंग इंटरनेशनल स्टेडियम में चैंपियंस लीग मैच देखने वालों को थोड़ी राहत मिली है। अब दर्शकों को गाड़ी दो किमी दूर पार्किंग स्टैंड में खड़ी कर कीचड़ में नहीं चलना पड़ेगा। प्रशासन ने स्टेडियम के पास ही चारपहिया और दो पहिया वाहनों को पार्क करने की व्यवस्था कर दी है। एडीशनल एसपी ट्रैफिक बलराम हिरवानी ने बताया कि 19 और 23 सितंबर को होने वाले चैंपियंस लीग के दोनों मैच के लिए पार्किंग व्यवस्था में बदलाव किया गया है। मैच के देखने आने वाले दर्शकों के दोपहिया वाहन की पार्किंग की व्यवस्था स्टेडियम के पास सांई अस्पताल की तरफ नर्सिंग पार्किंग की तरफ की गई है। दोपहिया चालक छेरीखेड़ी होते हुए स्टेडियम के पास तालाब समीप अपनी गाड़ी पार्क करेंगे। वहीं चार पहिया वाहन चालक नवागांव होकर परसदा स्टेडियम से लगभग 200 मीटर की दूरी पर बनाए गए नए पार्किंग स्टैंड में अपने वाहन खड़े कर सकेंगे। स्टेडियम के समीप बनाए गए पार्किंग स्टैंड फुल होने के बाद ही नवागांव पार्किंग पर वाहन खड़े करवाए जाएंगे।