- Hindi News
- चुनाव के बागियों को अब जाकर छह साल के लिए निकाला शहर कांग्रेस ने
चुनाव के बागियों को अब जाकर छह साल के लिए निकाला शहर कांग्रेस ने
रायपुर|नगर निगमचुनाव में पार्टी से बगावत कर चुनाव लड़ने वाले 60 से अधिक कार्यकर्ताओं को शहर जिला कांग्रेस ने निष्कासित कर दिया है।
निष्कासित नेताओं में रायपुर नगर निगम के पूर्व पार्षद जग्गू सिंह ठाकुर, संजू तिवारी, बबलू रजा, विक्की यदुवंशी शामिल हैं।शहर जिला कांग्रेस ने आज केवल चार नेताओं के नाम जारी किए। अगली कड़ी में बचे हुए नेताओं के नाम मंगलवार को जारी किए जाएंगे। इन नेताओं ने पार्टी से बगावत की थी। पार्टी ने उन्हें चुनाव के दौरान मनाने की कोशिश भी की थी।
उन्हें नाम वापस लेने और अधिकृत प्रत्याशी के समर्थन में प्रचार करने कहा गया था, लेकिन वे नहीं माने और चुनाव मैदान में डटे रहे। अब चुनाव के बाद ऐसे नेताओं के खिलाफ कार्रवाई की जा रही है। उधर दुर्ग ननि में निर्दलीय महापौर का चुनाव लड़ने वाली दीपा मध्यानी, उनके पति प्रताप मध्यानी समेत छह को निष्कासित किया गया है।
रायपुर में कांग्रेस के महापौर चुने जाने के बाद ऐसा माना जा रहा था कि पार्टी बागियों को अभयदान दे देगी, पर बागियों के कारण पार्टी के कई पार्षद चुनाव हार गए। इससे निगम में कांग्रेस के पार्षदों की संख्या 28 में ही सिमट गई। इस वजह से सभापति के चुनाव में कांग्रेस हार गई। उधर पार्टी संभागीय स्तर पर सम्मेलन करके अनुशासन के मसले पर चर्चा कर रही है। इस निलंबन को इसी कड़ी से जोड़कर देखा जा रहा है। हालांकि पिछले दिनों प्रदेश कांग्रेस ने दो विधायक आरके राय और सियाराम कौशिक को निलंबित करके सख्ती के संकेत पहले ही दिए थे। माना जा रहा है कि रायपुर में बागियों पर कार्रवाई के बाद अब दूसरे जिलों में भी इस तरह के निलंबन की कार्रवाई की जाएगी।