पाएं अपने शहर की ताज़ा ख़बरें और फ्री ई-पेपर

डाउनलोड करें
  • Hindi News
  • हीरापुर में पीलिया के 22 नए मरीज

हीरापुर में पीलिया के 22 नए मरीज

6 वर्ष पहले
  • कॉपी लिंक
हीरापुरकी आरडीए कालोनी में पीलिया का कहर थमने का नाम नहीं ले रहा है। सोमवार को यहां 22 और लोगों की ब्लड टेस्ट रिपोर्ट में पीलिया की पुष्टि हो गई। इसी के साथ, कालोनी और आसपास पीलिया के मरीजों की संख्या बढ़कर सात सौ से ज्यादा हो गई है। लगातार मरीज मिलने से हड़बड़ाई सरकारी एजेंसियों ने सोमवार को कालोनी में 128 और संदिग्ध मरीजों के ब्लड सैंपल लिए। इसे जांच के लिए जिला अस्पताल भेजा गया है।

लगभग आठ सौ मकानों की हीरापुर आरडीए कालोनी में हर घर में एक या दो लोग पीलिया से पीड़ित हैं। इस इलाके के विधायक तथा मंत्री राजेश मूणत ने सोमवार को जिला प्रशासन और नगर निगम के अफसरों को हालात काबू में करने के लिए इमरजेंसी उपाय करने के निर्देश दिए हैं। इसके बाद पाइप लाइनें बदलने का काम तेज हो गया है। मेयर प्रमोद दुबे के निर्देश के बाद नगर निगम के विशेष सफाई दस्ते को इस इलाके में भेजा गया। हालांकि कुछ अफसरों का कहना है कि गंदगी इतनी ज्यादा है कि पूरी कालोनी की कंडीशन हाईजीनिक बनाने में तीन-चार दिन लग जाएंगे।

महिलाओं ने संभाला मोर्चा

आरडीएकालोनी में महिलाओं के संगठन आशा की कार्यकर्ता लोगों को सफाई और पानी के इस्तेमाल के लिए जागरुक करने में जुटी हैं। मितानिन ट्रेनर सुषमा देवी ने बताया कि इस कालोनी में गंदगी तथा गंदे पानी का इस्तेमाल के कारण पीलिया ने विकराल रूप लिया है। संगठन की कार्यकर्ता सात दिन से लोगों को जागरुक करने में लगी हैं। वे बता रही हैं कि लोग अपने आस-पास साफ रखें, गर्म पानी का इस्तेमाल करें तथा हरी-पत्तेदार सब्जियां खाना शुरू करें तो पीलिया से जल्द राहत मिल सकती है।

पुरानी पाइप लाइनों से बढ़ा खतरा

दैनिकभास्कर टीम ने आरडीए कालोनी के मुआयने में पाया कि खुली और गंदगी से भरी नालियां तथा इसी से गुजर रही दशकों पुरानी जर्जर पाइप लाइनों की वजह से पीलिया का खतरा अब भी बरकरार है। लोगों ने बताया कि कई पाइप लाइनें तो इतनी पुरानी हैं कि इनसे रिसे पानी से घर के कई हिस्सों में सीज रहा है। अधिवक्ता अजय शर्मा को भी पीलिया है। उन्होंने निगम की कार्यशैली पर सवाल उठाए और कहा कि प्रशासन राहत कैंप तो लगा रहा है लेकिन गंदगी अब तक साफ नहीं की जा सकी है।