पाएं अपने शहर की ताज़ा ख़बरें और फ्री ई-पेपर

डाउनलोड करें
  • Hindi News
  • कांग्रेस को मजबूत करने व्यापक बदलाव की जरूरत

कांग्रेस को मजबूत करने व्यापक बदलाव की जरूरत

6 वर्ष पहले
  • कॉपी लिंक
कांग्रेसको मजबूत करने के लिए प्रदेश कांग्रेस ने कार्यकर्ताओं से सुझाव मांग तो उन्होंने ऊपर से नीचे तक व्यापक बदलाव की वकालत कर दी। रायपुर संभाग के सभी पदाधिकारियों ने कहा कि पार्टी में अनुशासन को सख्त करना चाहिए ताकि गुटबाजी पर अंकुश लग सके। उन्होंने संगठन के पदों पर मनोनयन और पुरानी पद्धति से 25 सदस्य बनाने पर सक्रिय सदस्य का ओहदा देने का सुझाव दिया।

कांग्रेस के प्रदेश अध्यक्ष भूपेश बघेल ने सोमवार को कांग्रेस भवन में रायपुर, महासमुंद, धमतरी, बलौदाबाजार, गरियाबंद जिले के पदाधिकारियों से रायशुमारी की। बंद कमरे में जिलाध्यक्षों के साथ उनकी टीम से 13 बिंदुओं पर सुझाव लिए गए। बघेल के साथ पूर्व प्रदेश विधायक धनेंद्र साहू, सत्यनारायण शर्मा, पूर्व मंत्री मोहम्मद अकबर, प्रदेश महामंत्री शैलेष नितिन त्रिवेदी भी मौजूद थे। महासमुंद के जिलाध्यक्ष अमरजीत चावला ने सदस्यता अभियान में सक्रिय सदस्य वाली व्यवस्था को फिर से लागू करने की बात कही। बलौदाबाजार के जिलाध्यक्ष विद्याभूषण शुक्ल ने पार्टी में अनुशासन को लेकर सख्ती करने का सुझाव दिया। रायपुर जिलाध्यक्ष विकास उपाध्याय ने कहा कि चुनावों में टिकट तय करते समय कार्यकर्ताओं की राय को महत्व दिया जाना चाहिए। इससे पार्टी में कार्यकर्ताओं की अहमियत बढ़ेगी। बैठक में कांग्रेस की रीति-नीति, विचारधारा, आरक्षण जैसे विषयों पर राय ली गई। पीसीसी ने सभी सदस्यों के सुझावों को एक फार्म में दर्ज भी किया है। अब बिलासपुर 18 और सरगुजा संभाग 19 फरवरी को रायशुमारी के बाद एक रिपोर्ट तैयार की जाएगी, जिसे एआईसीसी को भेजा जाएगा।

जिला पंचायतों में बनाए अध्यक्ष

प्रदेश अध्यक्ष बघेल ने जिला कांग्रेस अध्यक्षों को पंचायत चुनाव में आए नतीजों को लेकर बधाई दी। उन्होंने कहा कि जिला पंचायतों में पार्टी के समर्थित प्रत्याशी को अध्यक्ष बनाने के लिए जुट जाएं। साथ ही जनपद पंचायतों में भी अपनी पार्टी के लोगों को अध्यक्ष-उपाध्यक्ष बनाने की कोशिश करें। जिलाध्यक्ष रायशुमारी करने के बाद प्रत्याशी का चयन किया जाए।