- Hindi News
- दिनभर उमस, कुछ हिस्सों में देर रात हुई झमाझम बारिश
दिनभर उमस, कुछ हिस्सों में देर रात हुई झमाझम बारिश
रायपुर | राजधानीसहित पूरे छत्तीसगढ़ में इस समय मौसम की अजीबोगरीब परिस्थिति बन गई है। कभी तेज धूप निकलती है तो कुछ ही देर में झमाझम बारिश होने लगती है। बारिश के बाद फिर तेज धूप के कारण उमस से परेशानी बढ़ जाती है। सोमवार की रात 11 बजे के आसपास राजधानी के कुछ हिस्सों में तेज बारिश हुई।
राजधानी में पिछले तीन दिनों से मौसम ने बेचैन कर रखा है। रविवार को दिन में तेज धूप रही। वातावरण में आर्द्रता भी 70 फीसदी के करीब थी। यही वजह है कि दिनभर उमस का अहसास हुआ। देर रात को शहर में गरज-चमक के साथ बारिश हुई। दिन में तेज धूप और वातावरण में नमी होने के कारण ऐसा मौसम बना हुआ है। स्थानीय दबाव की वजह से रात में बारिश हुई। दूसरी तरफ मौसम विज्ञानियों ने अगले कुछ दिनों तक राजधानी में ऐसा मौसम होने की संभावना जताई है। दक्षिण छत्तीसगढ़ में भी कई जगहों पर बारिश हुई। जगदलपुर, कुसमी में 60 मिलीमीटर बारिश दर्ज की गई। चारामा, केशकाल, बीजापुर, बागबाहरा में 50, आरंग में 40, कोंटा, माकड़ी, बस्तर, कासाबेल, बगीचा आदि क्षेत्रों में 30 मिलीमीटर बारिश हुई। लालपुर मौसम केंद्र के सहायक मौसम विज्ञानी जेके इंगले के अनुसार उड़ीसा के ऊपर बना चक्रवात कमजोर हो गया है। फिर भी खाड़ी से नमी आने के कारण प्रदेश के दक्षिणी हिस्से में बारिश हो रही है। राजधानी में भी शाम से बादल छाने लगे थे। इसके बाद रात को कुछ देर तक गरज-चमक के साथ बौछारें पड़ी।