- Hindi News
- कांग्रेसियों ने मंतू समर्थकों की गाड़ियां बीच में रोकीं
कांग्रेसियों ने मंतू समर्थकों की गाड़ियां बीच में रोकीं
अंतागढ़उप चुनाव खत्म होते ही मंतूराम पवार फिर से क्षेत्र में सक्रिय हो गए हैं। उन्होंने सोमवार को अपने समर्थकों को केशकाल बुलाया था जो गई गाड़ियों में केशकाल जा रहे थे। इसकी जानकारी लगते ही स्थानीयों कांग्रेसियों ने उनका रास्ता रोकने की कोशिश की। उनका कहना था कि मंतूराम कांग्रेस के सम्मेलन के नाम पर कांग्रेसियों को बुला रहे हैं। लेकिन मौके पर पुलिस पहुंची और मंतू समर्थकों की गाड़ियों को आगे के लिए रवाना किया।
अंतागढ़ उप चुनाव में कांग्रेस की ओर से प्रत्याशी बनाए गए मंतूराम ने अचानक अपना नामांकन वापस ले लिया था। इससे कांग्रेस की काफी किरकिरी हुई थी। चुनाव निपटते ही पवार पुन: क्षेत्र में सक्रिय हो गए हैं। उन्होंने फोन पर अपने समर्थकों से संपर्क कर उन्हें सोमवार को बड़ी संख्या में केशकाल बुलाया था। सूत्रों के मुताबिक केशकाल से एक साथ रायपुर जाने की योजना थी। इसकी जानकारी स्थानीय कांग्रेसी नेताओं को भी लग गई। वे बड़ी संख्या में सुबह 7 बजे सड़क पर पहुंच गए। पवार समर्थक पहुंचे तो उनको वापस पखांजूर भेज दिया गया। इसकी जानकारी पखांजूर पुलिस को भी लगी। कोई अप्रिय घटना हो इसके लिए बड़ी संख्या में पुलिस बल मौके पर पहुंच गया। पवार के समर्थन में जा रहे 15 वाहनों में बैठे लोगों को वहां से सुरक्षित आगे बढ़ाया। कांग्रेस नेताओं का कहना था कि पवार ने गांव गांव में झूठ फोन कर कांग्रेसियों को कांग्रेस की बैठक या सामाजिक बैठक के नाम पर बुलाया है।
हालांकि उनका यह भी कहन है कि मंतूराम के बुलावे पर जाने वाले प्राय: वे लोग हैं जिन्होंने चुनाव प्रचार के दौरान मुख्यमंत्री डॉ रमन सिंह और केदार कश्यप के समक्ष भाजपा प्रवेश किया है। इनका कहना है कि आयाराम-गयाराम कांग्रेसियों के आने-जाने से पार्टी को कोई नुकसान नहीं होगा।