311 क्विंटल घटिया चावल जब्त
मंदिर हसौद | रायपुरजिपं सदस्य परमानंद जांगड़े की शिकायत पर जिला खाद्य अधिकारी ने नवागांव स्थित उचित मूल्य की दुकान से 311 क्विंटल घटिया चावल जब्त कर वितरण पर रोक लगा दी है। जांगड़े ने बताया कि बीते माह की तरह इस माह भी नवागांव दुकान से बीपीएल उपभोक्ताओं को प्रति कार्ड 35 किलो चावल दिया गया।
छतौना गांव की महिला चावल लेकर उनके कार्यालय पहुंचकर शिकायत की कि राशन दुकान से बदबूदार चावल दिया गया है। उन्होंने दुकान जाकर देखा तो चावल में कंकड़, पत्थर, चना, गेहूं, उसना सब मिला हुआ था। वह महिला को लेकर एडीएम के पास गए। उन्होंने चावल देखकर जिला खाद्य अधिकारी को नवागांव जाकर जांच का आदेश दिया। जिला खाद्य अधिकारी ने जांच में घटिया चावल देखकर उसे जब्त किया तथा उसका वितरण रुकवा दिया। जांगड़े ने अन्य जगह भी घटिया चावल वितरण रोकने की मांग की है।