- Hindi News
- शाह के प्रवास से कांग्रेस को चुनाव से पहले ही पराजित करें : मूणत
शाह के प्रवास से कांग्रेस को चुनाव से पहले ही पराजित करें : मूणत
रायपुर|निकाय चुनावसे पहले ही कांग्रेस को परास्त करने के लिए भाजयुमो ने राष्ट्रीय अध्यक्ष अमित शाह के रायपुर आगमन पर उनके स्वागत को भव्य ऐतिहासिक बनाने का निर्णय लिया है।
भाजयुमो रायपुर शहर जिला की बैठक में मंत्री राजेश मूणत ने कहा कि ऐतिहासिक रैली निकाल कर ऐसा भाजपा मय माहौल बनाए कि पहले से प्रदेश में लडख़ड़ाती कांग्रेस चुनाव से पूर्व ही हथियार डालने को मजबूर हो जाए। जिलाध्यक्ष संजू नारायण सिंह ठाकुर ने कहा कि कार्यकर्ताओं की जिम्मेदारी है कि वे पार्टी के नेतृत्व द्वारा मिली जिम्मेदारी का अक्षरशः पालन करें। हमें जो जिम्मेदारी मिली है हम उसमें खरा उतर सके इसके लिए हमें अभी से तैयारी में जुट जाना है। भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष अमित शाह के 12 दिसंबर को रायपुर प्रवास के मद्देनजर बुधवार को प्रदेश भाजपा कार्यालय एकात्म परिसर में महिला मोर्चा की बैठक हुई। यह निर्णय लिया गया मोर्चा की महिलाएं प्रांतीय परिधान में स्वामी विवेकानंद विमानतल पर आरती और पुष्पहार के साथ दोपहर 12 बजे उपस्थित रहेंगी और शाह का स्वागत करेंगी।
मोर्चा की रायपुर शहर जिलाध्यक्ष मीनल चौबे ने बताया कि शाह की सभा को सफल बनाने के लिए महिला मोर्चा ने रणनीति तय की है। बैठक में प्रभा दुबे, चन्नी वर्मा रायपुर के सभी मंडलों की अध्यक्ष भी उपस्थित थीं।