- Hindi News
- धान खरीदी में वादाखिलाफी को लेकर कांग्रेस ने किया संसद मार्च
धान खरीदी में वादाखिलाफी को लेकर कांग्रेस ने किया संसद मार्च
रायपुर|किसानों सेधान खरीदी को लेकर हुई वादाखिलाफी के विरोध में प्रदेश कांग्रेस के नेताओं ने नई दिल्ली के जंतर-मंतर में धरना दिया। कांग्रेस नेताओं ने धान का समर्थन मूल्य 2100 रुपए करने और दाना-दाना धान खरीदने की मांग की। धरना के बाद कांग्रेस नेताओं ने संसद भवन तक मार्च भी किया।
प्रदेश कांग्रेस ने आज दूसरे दिन दिल्ली में शक्ति-प्रदर्शन किया। कांग्रेस के सभी वरिष्ठ नेताओं ने इसमें एकजुटता दिखाई। प्रदेश अध्यक्ष भूपेश बघेल, नेता प्रतिपक्ष टीएस सिंहदेव, पूर्व मुख्यमंत्री अजीत जोगी, पूर्व केंद्रीय मंत्री डॉ. चरणदास महंत, राष्ट्रीय सचिव भक्तचरण दास, पूर्व प्रदेश अध्यक्ष धनेंद्र साहू, रविंद्र चौबे समेत बड़ी संख्या में पदाधिकारी शामिल हुए। कांग्रेस नेताओं ने प्रधानमंत्री के नाम एक ज्ञापन भी सौंपा। इसमें कहा गया कि धान खरीदी को लेकर राज्य सरकार किसानों से धोखाधड़ी कर रही है।
चुनाव के पहले सरकार ने किसानों का एक-एक दाना धान खरीदने का वादा किया था। साथ ही 2100 रुपए समर्थन मूल्य और 300 रुपए प्रति क्विंटल बोनस देने की भी घोषणा की गई थी, लेकिन सत्ता में आने के बाद सरकार अपने वादे से पलट गई है। किसानों को पंजीयन के नाम पर परेशान किया जा रहा है। किसान ऋण पुस्तिका के जरिए अपनी जमीन तो बेच सकता है, लेकिन अपना धान नहीं। मुख्यमंत्री ने किसानों से 10 क्विंटल प्रति एकड़ की दर से धान खरीदने की बात कही। बाद में इसे लिंकिंग सहित 15 क्विंटल करने की घोषणा की गई, लेकिन अब सोसाइटियों में वहां की उत्पादकता के आधार पर 10 से 12 क्विंटल ही खरीदी की जा रही है। कांग्रेस नेताओं में किसानों के साथ धोखाधड़ी बंद कर उनकी उपज वाजिब दाम में खरीदने की व्यवस्था करने की मांग की।