- Hindi News
- 9वीं 11वीं के छात्रों के 3 करोड़ लौटाएगा माशिमं
9वीं-11वीं के छात्रों के 3 करोड़ लौटाएगा माशिमं
माध्यमिकशिक्षा मंडल माशिमं 9वीं और ग्यारहवीं के 10 लाख विद्यार्थियों को 3 करोड़ लौटाएगा। बोर्ड के अधिकारियों ने स्वीकार कर लिया कि केवल प्रशनपत्र के लिए प्रत्येक विद्यार्थी से 80-80 रुपए फीस ज्यादा ली गई है। बोर्ड ने 50-50 रुपए फीस लेकर बाकी तीस-तीस रुपए लौटाने की घोषणा की है। बोर्ड के चेयरमैन केडीपी राव ने कहा कि स्कूलों के माध्यम से फीस के बाकी पैसे लौटा दिए जाएंगे।
दैनिक भास्कर ने विद्यार्थियों से ली जा रही फीस का खुलासा किया था। उसके बाद बोर्ड के प्रशासनिक अमले में हड़कंप मचा। बोर्ड के चेयरमैन ने आनन-फानन में अफसरों की बैठक बुलाई। उन्होंने यह जानकारी मांगी कि आखिर किसने इतने पैसे तय किए और क्यों इतनी बड़ी रकम ली गई। अफसरों ने उन्हें बताया कि बोर्ड के पूर्व अधिकारियों और पिछली समिति में इस पर सहमति बनी थी। हालांकि बोर्ड की समिति ने इस पर मंजूरी की मुहर नहीं लगाई थी। उसके बाद भी इस साल इसे मंजूरी दे गई। माशिमं बोर्ड की नई कार्यकारिणी का गठन हो गया है। अभी समिति के सदस्यों की पोस्टिंग और कामकाज का बंटवारा नहीं हुआ है। उसकी प्रक्रिया चल रही है। इसी बीच बोर्ड के चेयरमैन ने छात्रहित में यह घोषणा कर दी। उनका मानना है कि गरीब परिवार के लिए कुछ रुपए भी बड़ी बात होती है। 9वीं और 11वीं के विद्यार्थियों की संख्या करीब दस लाख है। इस साल बोर्ड ने यह निर्णय लिया कि 9वीं और 11वीं के विद्यार्थियों के प्रशनपत्र बोर्ड छापकर देगा।
परीक्षा आयोजित करने और नतीजे जारी करने की जिम्मेदारी स्कूल प्रबंधन ही निभाएगा। भास्कर में बोर्ड के इस फैसले का खुलासा हुआ। उसके बाद ही प्रशासनिक अमला हरकत में आया। अब बोर्ड ने 10 लाख विद्यार्थियों को तीस-तीस रुपए लौटाने का निर्णय लिया गया है। इस लिहाज से तीन करोड़ लौटाए जाएंगे।
इंपैक्ट
07 िदसंबर को पेज 1 पर प्रकाशित