- Hindi News
- रायपुर राजमार्गमंत्रालय का क्षेत्रीय कार्यालय रायपुर में खुलेगा
रायपुर- राजमार्गमंत्रालय का क्षेत्रीय कार्यालय रायपुर में खुलेगा
मुख्यमंत्री डॉ. रमनसिंह के प्रस्ताव पर केन्द्र सरकार ने छत्तीसगढ़ की राजधानी रायपुर में केन्द्रीय परिवहन तथा राजमार्ग मंत्रालय से संबंधित क्षेत्रीय भुगतान और लेखा कार्यालय शुरू करने का फैसला किया है। मुख्यमंत्री ने केन्द्रीय सड़क परिवहन मंत्री नितिन गडकरी को पत्र लिखा था। डॉ. सिंह ने उन्हें बताया था कि राज्य में सड़क निर्माण से संबंधित कार्यों और परियोजनाओं की राशि के भुगतान और उनसे संबंधित हिसाब-किताब के समुचित संधारण के लिए उनके मंत्रालय की ओर से पे एण्ड एकाउंट आफिस का होना बहुत जरूरी है।
मंत्रालय के लेखा नियंत्रक बीके अग्रवाल ने मुख्यमंत्री के अपर मुख्य सचिव एन बैजेन्द्र कुमार को नई दिल्ली से भेजे गए पत्र में यह जानकारी दी है कि रायपुर में यह कार्यालय 01 अप्रैल 2015 से शुरू हो जाएगा। मंत्रालय ने राज्य में दस विभिन्न पुलों और सड़कों से संबंधित परियोजनाओं के लिए 305 करोड़ 56 लाख रूपए की राशि भी मंजूर कर दी है। लोक निर्माण मंत्री राजेश मूणत ने बताया कि जिन निर्माण कार्यों के लिए मंजूरी मिली है, उनमें राजधानी रायपुर में केनाल रोड से काशीराम नगर के बीच प्रस्तावित फ्लाई ओव्हर ब्रिज के लिए 46 करोड़ 33 लाख रूपए, रायपुर में ही गोगांव-गुढ़ियारी मार्ग पर रेल्वे अंडरब्रिज और ओव्हर ब्रिज के लिए 35 करोड़ 40 लाख रूपए, बिलासपुर में कटनी रेल लाइन के पास लोखण्डी रेल्वे लेबल क्रासिंग पर रेल्वे ओव्हर ब्रिज (आर.ओ.बी.) निर्माण के लिए 79 करोड़ 10 लाख रूपए शामिल है।