- Hindi News
- समर्थन के लिए कहीं पिकनिक कहीं पद, कहीं पैसों का ऑफर
समर्थन के लिए कहीं पिकनिक कहीं पद, कहीं पैसों का ऑफर
वोट नहीं दिया तो पद नहीं देगी कांग्रेस
जिला पंचायत और जनपद पंचायत चुनावों में खरीद-फरोख्त की आशंका से कांग्रेस अलर्ट हो गई है। प्रदेश कांग्रेस ने अपने समर्थित प्रत्याशियों को पार्टी के पक्ष में ही मतदान करने के निर्देश दिए हैं। ऐसा नहीं करने पर उन पर अनुशासनात्मक कार्रवाई की चेतावनी दी गई है। उन्हें भविष्य में विधानसभा चुनाव की टिकट से वंचित करने की भी बात कही गई है। जनपद पंचायतों में अध्यक्ष के लिए 13 फरवरी को मतदान होने हैं।
वहीं जिला पंचायतों में अध्यक्ष और उपाध्यक्ष के चुनाव 16 फरवरी को होंगे। इसके लिए लाबिंग तेज हो गई है। निर्वाचित प्रत्याशियों को रिझाने के लिए दोनों ही दलों के नेता लगे हुए हैं। कांग्रेस का दावा है कि पंचायत चुनाव में कांग्रेस समर्थित प्रत्याशी ज्यादा संख्या में जीतकर आए हैं। लगभग 18 जिला पंचायतों में कांग्रेस समर्थित अध्यक्ष बनने की संभावना है। इसमें से 11 जिला पंचायतों में कांग्रेस का स्पष्ट बहुमत है। शेष सात जिला पंचायतों में कांग्रेस भाजपा से आगे है। वहां अध्यक्ष के नतीजे निर्दलीय प्रत्याशियों पर निर्भर हैं।
प्रदेश अध्यक्ष भूपेश बघेल ने आरोप लगाया है कि भाजपा सरकार लोकतंत्र का सम्मान नहीं कर रही है। वह कांग्रेस के निर्वाचित प्रत्याशियों की खरीद-फरोख्त करने और पद का प्रलोभन देने में लग गई है। प्रदेश कांग्रेस ने अपनी पार्टी के निर्वाचित पदाधिकारियों को निर्देश जारी किए हैं। पीसीसी के प्रदेश महामंत्री गिरीश देवांगन ने कहा कि अगर पार्टी के जिला पंचायत सदस्य पार्टी के विरोध में मतदान करते हैं तो भविष्य में उनके नाम पर तो विधानसभा चुनाव के दौरान विचार किया जाएगा और ही किसी दूसरे पद के लिए। चुनाव पर हमारे कार्यकर्ता नजर रखे हुए हैं। पार्टी ने चुनाव के लिए प्रभारी भी तैनात कर दिए हैं। वरिष्ठ नेताओं को इस पर रिपोर्ट भी देने कहा गया है। देवांगन ने कहा कि अगर किसी प्रत्याशी ने गद्दारी की और वह चिन्हित हो गया तो उसके खिलाफ अनुशासनात्मक कार्रवाई की जाएगी।
कांग्रेस का दावा
जिला - पद - निर्वाचित सदस्य
रायपुर 16 - 10
राजनांदगांव 24 -19
कवर्धा 14 - 9
बेमेतरा 14 - 9
दुर्ग 12- 8
बीजापुर 10 - 6
सुकमा 10 - 6
बस्तर 15 - 9
कोंडागांव 12- 9
कांकेर 13 - 8
बालोद 14 -8
कोरिया 10 - 6
बलरामपुर 14 - 9
जशपुर 14 - 8
बलौदाबाजार 22 - 14
मुंगेली 12 - 8
कोरबा 12 - 7
जांजगीर- 25 - 15
महासमुंद 15 -6
बिलासपुर 25 - 11
रायगढ़ 25 - 11
दंतेवाड़ा 10 -5
सूरजपुर 15 -6
सरगुजा 14-7
पैसे और पद के ऑफर : जिलापंचायत अध्यक्ष और जनपद पंचायतों के अध्यक्षों के चुनाव के लिए कांग्रेस-भाजपा में खेमेबंदी तेज हो गई है। निर्वाचित सदस्यों को कोई शिरडी ले जा रहा है तो कोई शिमला। कहीं पर गाड़ी देने की चर्चा हो रही है तो कहीं पर पैसे और पद के आफर का हल्ला है।
राजनांदगांव में कांग्रेस का बहुमत दिख रहा है। वहां के सदस्यों को उत्तराखंड ले जाने की खबर है। वहीं रायपुर के सदस्यों को नासिक ले जाने की खबर है।