- Hindi News
- कांग्रेस को मजबूत करने 13 बिंदुओं पर रायशुमारी
कांग्रेस को मजबूत करने 13 बिंदुओं पर रायशुमारी
रायपुर|कांग्रेस कोमजबूत करने के लिए 13 बिंदुओं पर कार्यकर्ताओं और पदाधिकारियों की राय ली जाएगी। उनसे पूछा जाएगा कि कांग्रेस में अनुशासन कैसे कायम किया जाए। संगठन में क्या सुधार किया जाए कि पार्टी फिर से मजबूत हो। प्रदेश कांग्रेस ने सोमवार को कांग्रेस भवन में रायपुर संभाग के कार्यकर्ताओं को बुलाया है। कांग्रेस हर संभाग में इस तरह के कार्यकर्ता सम्मेलन कर रही है। कल 9 फरवरी को रायपुर संभाग के पदाधिकारियों से प्रदेश अध्यक्ष भूपेश बघेल और नेता प्रतिपक्ष टीएस सिंहदेव चर्चा करेंगे। पहले सम्मेलन होगा जिसमें सभी नेता संबोधित करेंगे।
इसके बाद बंद कमरे में जिलेवार चर्चा होगी। कार्यक्रम संयोजक शैलेष नितिन त्रिवेदी ने बताया कि इसमें कांग्रेस की रीति-नीति, विचारधारा, संगठन चुनाव, कार्यकारिणी, मनोनयन, टिकट चयन प्रक्रिया, सदस्यता, आरक्षण जैसे विषयों पर राय ली जाएगी। पांचों संभाग में चर्चा के बाद एक रिपोर्ट तैयार की जाएगी, जिसे एआईसीसी को भेजा जाएगा। इसमें विधायक, नगरीय निकायों एवं पंचायतों के निर्वाचित जनप्रतिनिधि, प्रदेश कांग्रेस पदाधिकारी, विधानसभा प्रत्याशी, जिला कांग्रेस अध्यक्ष और ब्लाक कांग्रेस अध्यक्ष भी मौजूद रहेंगे। इसमें समाज के सभी वर्गों का विश्वास जीतने पार्टी का आधार बढ़ाने हेतु हर राज्यवार स्थानीय मुद्दों पर आधारित रणनीति, वास्तविक सक्रिय सदस्यता पर विचार संगठन में अनुसूचित जनजाति, अनुसूचित जाति, पिछड़ा वर्ग अल्पसंख्यक वर्ग के लोगों को वर्तमान में मिल रहे 20 प्रतिशत आरक्षण को बढ़ाकर 50 प्रतिशत करने सहित महत्वपूर्ण बिन्दुओं पर राय ली जाएगी।