- Hindi News
- थोक मार्केट देखने के बाद व्यापारी बोले अभी नहीं जाएंगे
थोक मार्केट देखने के बाद व्यापारी बोले-अभी नहीं जाएंगे
रायपुर | डूमरतराईथोक बाजार में शिफ्टिंग अटकने के आसार पैदा हो गए हैं। रविवार को थोक कारोबारियों ने बाजार का निरीक्षण किया। उसके बाद शहर के एक दर्जन बड़े व्यापारिक संघों ने डूमरतराई जाने से इंकार कर दिया है। इन व्यापारिक संघों के पदाधिकारियों ने डूमरतराई बाजार में ही बैठक लेकर चेंबर के फैसले को पलट दिया है। इनमें चेंबर के वरिष्ठ पदाधिकारी भी शामिल थे।
व्यापारिक संघों के सभी अध्यक्षों ने एकजुट होकर चेंबर अध्यक्ष अमर पारवानी के फैसले का विरोध करते हुए एक तरह से मोर्चा खोल दिया है। उनका कहना है कि अलग-अलग व्यापारिक संघों को विश्वास में लिए बगैर ही फैसला लिया है। इस वजह से अभी एक भी दुकान की वहां शिफ्टिंग नहीं होगी। दूसरी ओर कलेक्टर ने भी एक बार फिर साफ कर दिया है कि 10 फरवरी तक दुकानों की शिफ्टिंग नहीं हुई तो दुकानों का आवंटन निरस्त करने की प्रक्रिया शुरू कर दी जाएगी। गुढ़ियारी थोक बाजार, किराना, फुटवेयर, चावल, नयापारा होम एप्लायंस, रामसागरपारा अनाज व्यापारी समेत एक दर्जन संघों ने शिफ्टिंग का विरोध किया है। उनकी बैठक में चेंबर चेयरमैन पूरनलाल अग्रवाल, उपाध्यक्ष लालचंद गुलवानी, अनाज संघ के अध्यक्ष रमेश मिरघानी और रमेश कुमार मेघानी समेत बड़े कारोबारियों में मतभेद हुआ।
चेंबर अध्यक्ष पारवानी भी पहुंचे, लेकिन बात नहीं बनीं। शिफ्टिंग का कांग्रेस व्यापार प्रकोष्ठ ने भी विरोध शुरू कर दिया है। प्रकोष्ठ के प्रदेशाध्यक्ष कन्हैया अग्रवाल, अशोक शिवहरे, दीपक कृपलानी, राजेश कुकरेजा और अतुल रघुवंशी ने चेंबर पर निशान साधते हुए कहा कि जिला प्रशासन के अफसर दुकानदारों को धमका रहे हैं।