- Hindi News
- साथी तलाशने मंच पर आए युवा, कन्नौजे समाज की प्रतिभाएं भी हुईं सम्मानित
साथी तलाशने मंच पर आए युवा, कन्नौजे समाज की प्रतिभाएं भी हुईं सम्मानित
रायपुर| कन्नौजेधोबी समाज और कन्नौजे युवा ब्रिगेड ने रविवार को कुशालपुर स्थित सामाजिक भवन में परिचय सम्मेलन का आयोजन किया। इसमें प्रदेशभर से पहुंचे समाज के 180 युवक-युवती ने मंच पर आकर अपना परिचय दिया। सम्मेलन के जरिए सौ से ज्यादा रिश्ते तय होने की संभावना है।
सम्मेलन के बाद युवक-युवती के परिजनों में रिश्ते की बात शुरू हो गई है। समाज के प्रवक्ता रितेश कन्नौजे ने बताया कि सम्मेलन का मकसद शादी ढूंढने में युवाओं और उनके परिजनों को होने वाली दिक्कतों से निजात दिलाना है। रायपुर परिक्षेत्र के प्रधान नंदकुमार कन्नौजे ने इस मौके पर कहा कि रिश्तों की तलाश में पैसे और समय का नुकसान होता है। समाज की ओर से रिश्तों की तलाश के लिए मंच उपलब्ध करवाने का यह प्रयास आने वाले दिनों में एक सार्थक परिणाम के रूप में हमारे सामने होगा। इस अवसर पर समाज के प्रतिभावान बच्चों को सम्मानित भी किया गया। एमबीबीएस, इंजीनियरिंग में चयनित होने वाले और बोर्ड परीक्षाओं में उत्कृष्ट अंक प्राप्त करने वालों को प्रतिभा प्रोत्साहन सम्मान दिया गया। इस मौके पर महापौर प्रमोद दुबे, पार्षद राजेश सिंह ठाकुर, सचिव जगदीश प्रसाद कन्नौजे, हेमंत कन्नौजे, गोवर्धन कन्नौजे आदि मौजूद थे।
मंच पर परिचय देतीं समाज की युवतियां।