- Hindi News
- हर पेट्रोल पंप में खुलेंगे प्रदूषण जांच के सेंटर
हर पेट्रोल पंप में खुलेंगे प्रदूषण जांच के सेंटर
पेट्रोल पंपों में अब वाहनों से निकलने वाले के प्रदूषण की जांच के लिए सेंटर खोला जाएगा। इसकी कवायद परिवहन विभाग ने शुरू कर दी है। अफसरों ने पेट्रोलियम कंपनी के अफसरों को बुलाकर उन्हें इस बारे में जिम्मेदारी सौंपी। यह तय किया गया है कि सभी पेट्रोल पंप संचालकों को अपने पंप के एक हिस्से में वाहनों से निकलने वाले प्रदूषण की मात्रा चेक करने के लिए अनिवार्य रूप से सेंटर खोलना होगा।
परिवहन मंत्री राजेश मूणत के हस्तक्षेप के बाद अपर परिवहन आयुक्त हेम कृष्ण राठौर और उपायुक्त डी रविशंकर ने पेट्रोलियम कंपनी के अफसरों की बैठक ली। बैठक में परिवहन विभाग के अधिकारियों ने उन्हें बताया कि वाहनों की संख्या बढ़ने के साथ वायु प्रदूषण बढ़ता जा रहा है। दरअसल इसकी जांच के लिए पर्याप्त सेंटर नहीं है। अफसरों का कहना था कि पेट्रोल पंप में ही सेंटर होने से वाहन चालकों के लिए अपनी वाहनों की जांच करवाना आसान होगा। पेट्रोल लेने के साथ वे वाहनों की जांच भी करवा सकेंगे।
उसे बाद वे अपने वाहन से निकलने वाले प्रदूषण को ठीक करवा सकेंगे। इससे शहर में वायु प्रदूषण काफी हद तक कम हो सकेगा। अभी सेंटर नहीं होने के कारण लोग जांच भी नहीं करवा पा रहे हैं। इससे किसी काे पता ही नहीं चल रहा कि उनके वाहन से निकलने वाला धुंआ कितनी मात्रा में वायु प्रदूषण फैला रहा है। अफसरों ने पेट्राेलियम कंपनी के अफसरों को शासन की मंशा से भी अवगत करवा दिया।
जल्द ही इस बारे में सभी पेट्रोल पंप संचालकों को निर्देश जारी किए जाएंगे।