बीरगांव की कमान अपर कलेक्टर को
रायपुर| बीरगांवनगर निगम के दस लाख से ज्यादा लोगों को राहत मिलने के आसार बढ़ गए है। नगर पालिका को नगर निगम का दर्जा देने के बाद से ही वहां लोगों की मुसीबतें बढ़ गई हैं। छोटे-छोटे कामों के लिए लोगों को वहां के प्रशासक कलेक्टर ठाकुर राम सिंह का इंतजार रहता है। कलेक्टर के रायपुर में ही व्यस्त होने की वजह से अब अपर कलेक्टर भरत लाल बंजारे को बीरगांव का नया प्रशासक बनाया जा सकता है। कलेक्टर ने खुद इस संबंध में विभाग को प्रस्ताव भेजा है।
उन्हें प्रशासक बनाने के लिए नगरीय प्रशासन विभाग को प्रस्ताव भेजा है। राज्य सरकार से हरी झंडी मिलती है तो बंजारे बीरगांव के नए प्रशासक होंगे। उसके बाद छोटे-छोटे काम के लिए रायपुर कलेक्टर का इंतजार नहीं करना पउ़ेगा। बीरगांव के प्रशासक के तौर पर पहले एडीएम संजय अग्रवाल का नाम आगे बढ़ाया गया था।
वे भिलाई नगर निगम के कमिश्नर रह चुके हैं। लेकिन आने वाले दिनों में नगरीय निकाय चुनाव होने की वजह से उनकी जगह बंजारे को जिम्मेदारी सौंपने की तैयारी है।