- Hindi News
- किवार की टक्कर का सफाई सिस्टम खड़ा करने की तैयारी
किवार की टक्कर का सफाई सिस्टम खड़ा करने की तैयारी
रायपुर | निगमप्रशासन ने किवार कंपनी के जैसा सिस्टम खड़ा करने के लिए अपने पूरे संसाधन झोंकने की तैयारी कर ली है। कमिश्नर अवनीश कुमार शरण ने आठों जोन के कमिश्नर और हेल्थ अफसरों को बुधवार सुबह सात बजे जोन तीन के दफ्तर में तलब किया है। स्वास्थ्य अधिकारी डा. अमृत चोपड़ा और सालिड वेस्ट मैनजेमेंट के प्रभारी अधिकारी एके मालवे से नगर निगम के नियमित सफाई कर्मचारियों की पूरी सूची तैयार करने को कह दिया गया है। इसके अलावा 300 कर्मचारियों की सेंट्रल गैंग की भर्ती करने की भी तैयारी कर ली गई है। ये सारे कर्मचारी दशहरा और दिवाली से पहले पूरे शहर की सफाई व्यवस्था की कमान संभाल लेंगे। इनमें से जो कर्मचारी गार्डन, सामुदायिक भवन जोन के दफ्तरों में चपरासी का काम कर रहे थे, उन्हें जोनल हेल्थ अफसरों के माध्यम से सफाई व्यवस्था दोबारा संभालने के लिए तैयार रहने को कहा जा रहा है। अफसरों ने बताया कि नगर निगम के पास हर जोन में दो से तीन डंपर हैं। इन डंपरों से कचरे का परिवहन शुरू कर दिया गया है। कुल 18 डंपरों से कचरा उठाकर ट्रेंचिंग ग्राउंड में डंप किया जा रहा है। टिकरापारा के वर्कशाप में खड़ी निगम की अपनी ऑटो ट्राली की भी मरम्मत कराने को कहा जा रहा है। अधिकांश की हालत खस्ता है। इनमें से जिनकी मरम्मत होकर उपयोग किया जा सकता है उसे उपयोग किया जाएगा। मंगलवार को निगम दफ्तर में किवार कंपनी के सीईओ मनीष सिंह को कंपनी से निकाले जाने का हल्ला मच गया।
स्वास्थ्य विभाग के अध्यक्ष ज्ञानेश शर्मा ने बताया कि कंपनी ने सीईओ मनीष सिंह को निकाल दिया है। उनसे इस्तीफा मांग लिया गया है। सालिड वेस्ट मैनेजमेंट के प्रभारी अधिकारी एके मालवे ने इसकी पुष्टि नहीं की है। उन्होंने बताया कि श्री सिंह तीन दिन की छुट्टी पर गए हैं।
इस बात की ही निगम प्रशासन को सूचना मिली है।
15 सितंबर को प्रकाशित खबर।