पाएं अपने शहर की ताज़ा ख़बरें और फ्री ई-पेपर

डाउनलोड करें
  • Hindi News
  • धान बेचने के लिए पंजीयन पर आंदोलन करेगी कांग्रेस

धान बेचने के लिए पंजीयन पर आंदोलन करेगी कांग्रेस

7 वर्ष पहले
  • कॉपी लिंक
रायपुर/बिलासपुर . राशन कार्ड के बाद कांग्रेस धान खरीदी में किसानों को पंजीयन के नाम पर हो रही परेशानी को मुद्दा बनाएगी। राज्य सरकार ने धान बेचने के पंजीयन के लिए मोबाइल के साथ मतदाता परिचय पत्र, ऋण पुस्तिका सहित कई दस्तावेज अनिवार्य किए हैं। किसान सोसाइटियों में पंजीयन के लिए चक्कर काट रहे हैं। कांग्रेस इसे लेकर आंदोलन करेगी जिसमें राशन कार्ड अन्य मुद्दे भी शामिल रहेंगे।

प्रदेश अध्यक्ष भूपेश बघेल ने कहा कि भाजपा सरकार धान खरीदी बंद करने का षडयंत्र रच रही है। पंजीयन के लिए पोस्टपेड मोबाइल नंबर का बिल मांगा जा रहा है। इसके साथ ही किसानों को धान बेचने की तारीख बताने को कहा जा रहा है। अभी धान की फसल तैयार ही नहीं हुई है, किसान धान बेचने की तारीख कैसे बता पाएंगे? सरकार यह सारे नियम इसलिए बना रही है ताकि अधिक से अधिक किसान समर्थन मूल्य पर धान बेचने से वंचित रह जाएं और सरकार को समर्थन मूल्य पर धान खरीदना पड़े। भाजपा अपने वायदे के अनुसार धान का समर्थन मूल्य बढ़ाकर 2100 प्रति क्विंटल करने और 300 बोनस देने की बजाए धान नहीं खरीदने का कुचक्र चला रही है।

दिल्ली में धरना देंगे युकांई

मोदी सरकार के 100 दिन के कामकाज को लेकर यूथ कांग्रेस नई दिल्ली के जंतर-मंतर में धरना देगी। इसमें शामिल होने के लिए प्रदेश के पदाधिकारी भी जाएंगे।

घोषणापत्र बनाने वार्डों में करेंगे पदयात्रा
नगरीय निकाय चुनाव का घोषणा-पत्र बनाने के लिए जिला कांग्रेस वार्ड परिक्रमा करेगी। कांग्रेसी शहर के 70 वार्डों में पदयात्रा करेंगे। इस दौरान नागरिकों से सुझाव लिए जाएंगे। उनकी समस्याएं सुनी जाएंगी। इसके बाद घोषणा-पत्र तैयार किया जाएगा।