- Hindi News
- सीएम के निर्देश बीमारियां रोकें, पाइप लाइन बदलें
सीएम के निर्देश -बीमारियां रोकें, पाइप लाइन बदलें
राजधानी में स्वाइन फ्लू पीलिया के बढ़ते खतरे को देखते हुए मुख्यमंत्री डॉ. रमन सिंह को आगे आना पड़ा। उन्होंने स्वास्थ्य मंत्री अमर अग्रवाल की मौजूदगी में हेल्थ और नगरीय प्रशासन अफसरों की जमकर क्लास ली। मुख्यमंत्री ने दो-टूक कहा कि सरकारी अमला दोनों बीमारियों पर काबू पाने के लिए चौबीसों घंटे जुट जाए। पीलिया रोकने के लिए दो हफ्ते में खराब पाइप लाइनें बदल दें। पूरे शहर की पानी टंकियां साफ करवाएं और हर टंकी में सफाई की तारीख लिखें। रायपुर ही नहीं, सभी नगरीय निकायों में यह एतहितायत बरती जाए।
मौत नहीं होने पर अड़ा विभाग : बैठक में भी स्वास्थ्य विभाग के अफसर अड़े रहे कि स्वाइन फ्लू से मौत नहीं हुई है, दोनों बीमारियों के इलाज की पर्याप्त दवा है। अफसरों ने बताया कि राजधानी के हीरापुर, संजय नगर, कुशालपुर, अश्विनी नगर, आदर्श नगर, लक्ष्मण नगर, शक्तिनगर, यादवपारा, इंदिरा नगर, चंगोराभाठा, खपराभट्ठी, तरुण नगर और ब्राम्हणपारा में पीलिया रोकने के उपाय चल रहे हैं। हालांकि अफसरों ने माना कि 10 लोगों के स्वाइन फ्लू से पीड़ित होने की पुष्टि दिल्ली सेंट्रल लैब ने कर दी है।