- Hindi News
- चेंबर के कार्यक्रम का स्वाद बिगड़ा, नहीं पहुंचे पार्षद
चेंबर के कार्यक्रम का स्वाद बिगड़ा, नहीं पहुंचे पार्षद
छत्तीसगढ़चेंबर ने गुरुवार को महापौर और पार्षदों का सम्मान समारोह रखा, लेकिन पूरे कार्यक्रम का मजा ही किरकिरा हो गया। सबसे पहले तो 70 में से सिर्फ दो दर्जन पार्षदों के आने के कारण आयोजकों के माथे पर बल पड़ गए।
इसका तनाव खत्म नहीं हुआ था कि संरक्षक तथा भाजपा विधायक श्रीचंद सुंदरानी ने दो-टूक कह दिया कि कारोबारियों को डूमरतराई थोक बाजार में शिफ्ट होना ही पड़ेगा। जब विधायक ने दो-टूक कहा कि नहीं जाने वाले कारोबारी कार्रवाई के लिए जिम्मेदार होंगे तथा इस मसले पर चेंबर पदाधिकारी कोई बात नहीं करेंगे, तब कार्यक्रम स्थल पर ऐसा सन्नाटा छाया कि समापन तक हावी रहा।
चेंबर ने सभी 70 वार्डों के पार्षदों को समारोह में आयोजित किया था। पार्षदों ने कार्यक्रम से यह कहकर किनारा कर लिया कि ऐन वक्त पर फोन से सूचित किया, इसलिए नहीं जाएंगे। कार्यक्रम शुरू हुआ तो मंच पर बदइंतजामी से बवाल खड़ा हो गया। चेंबर के कार्यकारी अध्यक्ष योगेश अग्रवाल को मंच पर कुर्सी नहीं मिली और वे पीछे बैठ गए तो उनके समर्थकों ने नाराजगी जता दी। रही-सही कसर चेंबर के संरक्षक के भाषण से पूरी हो गई।