पाएं अपने शहर की ताज़ा ख़बरें और फ्री ई-पेपर

डाउनलोड करें
  • Hindi News
  • राजधानी में एक ही दिन में तीन डिग्री बढ़ा पारा, ठंड गायब

राजधानी में एक ही दिन में तीन डिग्री बढ़ा पारा, ठंड गायब

7 वर्ष पहले
  • कॉपी लिंक
रायपुर | समुद्रसे आने वाली हवा के कारण राजधानी में ठंड बिलकुल गायब हो गई है। रात का तापमान एक ही दिन में तीन डिग्री तक बढ़ गया है। अगले एक-दो दिन दक्षिण छत्तीसगढ़ में हल्की से मध्यम बारिश होने की भी संभावना है। बंगाल की खाड़ी में ऊपरी हवा में चक्रवात बनने के कारण हवा की दिशा उत्तर, उत्तर-पूर्वी से बदलकर दक्षिण, दक्षिण-पश्चिमी हो गई है। इस वजह से समुद्र से नमीयुक्त हवा आने के कारण आसमान में बादल छाने लगे हैं। रायपुर में गुरुवार को सुबह हवा में आर्द्रता 51 फीसदी थी। सुबह हल्की धूप खिली, लेकिन ज्यादातर समय बादल छाए रहे। न्यूनतम 16.8 डिग्री दर्ज किया गया। यह सामान्य से चार डिग्री ज्यादा है। बुधवार को यह 14.3 डिग्री दर्ज किया गया था।



हालांकि मंगलवार की रात से ही नमी आने लगी थी। मंगलवार को न्यूनतम तापमान 13.1 डिग्री था। इस तरह मंगलवार से गुरुवार तक दो दिन में रात के तापमान में चार डिग्री का अंतर आया है। इधर, राज्य के अन्य हिस्सों में भी ठंड कम हो गई है। जगदलपुर में सबसे ज्यादा 15 डिग्री दर्ज किया गया। दुर्ग, बिलासपुर में 13 डिग्री से ऊपर रहा। मौसम विज्ञानियों के अनुसार सिस्टम के असर से बस्तर संभाग के कुछ हिस्सों में बादल छाए रहेंगे और कहीं-कहीं हल्की से मध्यम बारिश होने की संभावना है।



उत्तरी छत्तीसगढ़ में मौसम शुष्क रहेगा। राजधानी में भी आसमान में आंशिक बादल छाए रहेंगे। न्यूनतम तापमान 17 डिग्री के आसपास रहने की संभावना है।