- Hindi News
- दिल्ली का असर दिखेगा अब प्रदेश की राजनीति में
दिल्ली का असर दिखेगा अब प्रदेश की राजनीति में
दिल्लीके विधानसभा चुनाव में आम आदमी पार्टी की एकतरफा जीत का असर छत्तीसगढ़ की राजनीति में भी पड़ने के आसार हैं। पिछली बार जब दिल्ली और छत्तीसगढ़ के एक-साथ चुनाव हुए थे और दिल्ली में 49 दिन तक अरविंद केजरीवाल मुख्यमंत्री बने थे, तब दिल्ली जैसी योजनाएं और निर्णय प्रदेश में भी हुए थे। माना जा रहा है कि भाजपा सरकार भ्रष्टाचार और जनता की समस्याओं पर फोकस करेगी। पिछली बार दिल्ली में समस्याओं के निराकरण के लिए टोल-फ्री नंबर जारी किया गया था तो छत्तीसगढ़ में भी टोल-फ्री नंबर जारी किया गया था। हालांकि यह नंबर केवल नगरीय निकायों की समस्याओं के लिए था। इसी तरह मुख्यमंत्री डॉ. रमन सिंह ने जीरो टालरेंस का नारा दिया था। सरकार पर चुनावी वादे पूरा करने का भी दबाव था। दूसरी ओर इस नतीजों पर कांग्रेस के महामंत्री शैलेष नितिन त्रिवेदी ने कहा कि दलबदल और सांप्रदायिकता की राजनीति को के मतदाताओं ने नकार दिया है।
दिल्ली विधानसभा चुनाव में प्रचार के लिए छत्तीसगढ़ से भी 100 कार्यकर्ता गए थे। आप के प्रदेश संयोजक डॉ. संकेत ठाकुर ने बताया कि उनकी टीम ने किरण बेदी के क्षेत्र में प्रचार किया था। वहां वकील एके बग्गा को जीत मिली। इधर आप के कार्यकर्ताओं ने जयस्तंभ चौक पर जीत का जश्न मनाया। आप के प्रवक्ता नागेश बंछोर ने कहा कि दिल्ली में जीत का असर छत्तीसगढ़ की राजनीति पर भी पड़ेगा। पार्टी अपना विस्तार यहां करेगी। इस मौके पर उचित शर्मा, संदीप तिवारी, मनोज बिसेन समेत कार्यकर्ता मौजूद थे।