- Hindi News
- मेयर नहीं पहुंचे, भाजपा पार्षदों का जोन की हर बैठक से बहिष्कार
मेयर नहीं पहुंचे, भाजपा पार्षदों का जोन की हर बैठक से बहिष्कार
शहीदस्मारक स्कूल स्थित जोन-2 में मंगलवार को आयोजित बैठक के बाद निगम में नया विवाद शुरू हो गया। जोन के भाजपा पार्षदों ने फैसला कर लिया है कि अब वे कभी भी महापौर प्रमोद दुबे की किसी बैठक में शामिल नहीं होंगे। दरअसल भाजपा पार्षदों ने समीक्षा बैठक में महापौर को भी आमंत्रित किया था। वे बैठक में नहीं पहुंचे। भाजपा पार्षदों ने उनकी गैरमौजूदगी को उदासीनता माना और यह निर्णय लिया। दूसरी ओर महापौर दुबे का कहना है कि वे अन्य कार्यों में व्यस्त होने के कारण समीक्षा बैठक में शामिल नहीं हो सके। मंगलवार को शहीद स्मारक स्कूल स्थित जोन-2 मुख्यालय में शाम 4 बजे से समीक्षा बैठक रखी गई थी। भाजपा कांग्रेस पार्षद शाम साढ़े 5 बजे तक महापौर का इंतजार करते रहे। इतना समय गुजरने के बाद कमिश्नर अवनीश शरण ने बैठक रद्द होने की सूचना दी। इससे भाजपा पार्षद नाराज हो गए। बैठक में भाजपा पार्षद नेता प्रतिपक्ष सूर्यकांत राठौड़, विट्ठल भाई पटेल, गोपाल सोनी, किरण सारथी, भावेश पिथालिया, लता चौधरी बबीता धीवर मौजूद थे।
कांग्रेस की ओर से एमआईसी मेंबर अनवर हुसैन, पार्षद जसबीर ढिल्लन पूर्व पार्षद राकेश धोतरे थे। समीक्षा बैठक में पानी, सफाई, पीडब्ल्यूडी अन्य विकास कार्यों की समीक्षा होनी थी। इस दौरान निगम के कुछ अधिकारी भी मौजूद थे। राठौड़ ने कहा कि महापौर का यह रवैया उचित नहीं है।