शार्ट सर्किट से हुआ अग्निकांड
तेलीबांधान्यू राजीव गांधी नगर में सोमवार की रात हुए अग्निकांड की वजह शॉर्ट सर्किट होने के संकेत मिल रहे हैं। इस हादसे एक ही घर में दो महिलाओं की जलने से मौत हो गई थी। आग लगने के बाद उन्हें बचने के लिए बाहर निकलने का मौका ही नहीं मिला। आगजनी की घटना के फौरन बाद सिलेंडर से विस्फोट होने का हल्ला हुआ था। मंगलवार को घटनास्थल का मुआयना करने के बाद पुलिस अधिकारियों ने शार्ट सर्किट से आग लगने की आशंका जाहिर की।
पुलिस और बस्ती के लोगों को घटना के फौरन बाद जिस घर के सिलेंडर फूटने का अंदेशा हुआ था, मंगलवार को सुबह वही सिलेंडर सही सलामत बरामद किए गए। उसके बाद से यह माना जा रहा है कि शार्ट सर्किट से आग लगी और झुग्गी बस्ती होने के कारण तेजी से फैल गई। अग्नि दुर्घटना के दौरान झोपड़ी में फंसी विमला तांडी लकवे की मरीज थी। इस वजह से वह बाहर नहीं निकल सकी। उसी घर में मौजूद और दसहरा बाई भी फंस गई। दोनों के शव को मंगलवार को परिजनों को सौंपे गए।
पुलिस ने बताया कि कपिल तांड़ी के मकान के सामने रहने वाले घनश्याम साहू ने बयान दिया है कि रात 11:30 बजे जब वह टॉयलेट जाने के लिए उठा तो देखा कि कपिल के झोपड़ी के ऊपर से गुजरी तार में स्पार्किंग हो रहा था। फिर अचानक आग भड़क गई। देखते-देखते आसपास की झोपड़ियों में फैल गई। उन्होंने शोर मचाया और बस्ती वालों को जगाया। कपिल का मकान जलकर पूरा खाक हो गया। उसके मकान से लगे 6 मकान भी आग की चपेट में गए।
टल गया हादसा
न्यूराजीव नगर घनी बस्ती है। वहां लगभग 70 झोपड़िया है। जो एक दूसरे से लगे हुए है। समय रहते आग पर काबू पा लिया गया। नहीं तो पूरी बस्ती में आग लग जाता।
आधी रात मचा था कोहराम
आगजनीकी घटना के बाद बस्ती में आधी रात कोहराम मच गया था। बस्ती वाले अपने अपने घरों से बाहर निकल आए थे। कुछ लोगों ने घर का सामान बाहर फेंकना शुरू कर दिया था। उन्हें भय था कि कहीं आग पूरी बस्ती में फैल जाए। पुलिस और दमकल विभाग की टीम भी पूरी रात वहीं रही। पुलिस ने बताया कि कपिल ने संतान नहीं होने की वजह से दसहरा से दूसरी शादी की थी। दसहरा बाई गर्भवती थी। पुलिस ने बताया कि बस्ती में एकल बस्ती कनेक्शन है। इसके बाद भी लोग फ्रीज, टीवी जैसे हाई वोल्टेज सामान का प्रयोग कर रहे है। इसी वजह से शॉर्ट सर्किट हुआ।