चलती वैन में आग, ड्राइवर भागा
रायपुर| राजेंद्रनगर रिंग रोड में गुरुवार को दोपहर चलती वैन के इंजन से पहले धुंआ निकला और चंद मिनट में पूरी कार आग की लपटों में घिर गई। कार में ड्राइवर अकेला था।
खतरा भापंकर उसने गाड़ी रोक दी थी और खुद दरवाजा खोलकर कार से दूर चला गया था। उसकी आंखों के सामने देखते ही देखते कार जलकर खाक हो गई। राजेंद्र नगर पुलिस के अनुसार वैन सिक्योरिटी एजेंसी की है। इसमें सुरक्षा गार्डों को बिठाकर ड्यूटी पर छोड़ा जाता है। दोपहर को करीब डेढ़ बजे वैन का ड्राइवर राजा साहू सुरक्षा गार्डों को विधायक विश्राम गृह छोड़कर तेलीबांधा जा रहा था। रिंग रोड राजेंद्र नगर के पास वैन के इंजन से धुआं निकलने लगा।
ड्राइवर को धुंआ देखते ही खतरे का अंदेशा हो गया। उसने तुरंत कार रोकी और बाहर निकल गया। इसके पहले कि वह कुछ सोच सकता कार जलने लगी। पुलिस और दमकल विभाग की टीम ने पहुंचकर आग बुझाई, लेकिन तब तक देर हो चुकी थी।
गैस किट फटने अंदेशे से सनसनी
पुलिस के पहुंचने के बाद ड्राइवर ने बताया कि गाड़ी में गैस किट है। वह कार गैस से ही चला रहा था। यह सुनते ही पुलिस और वहां जमा हो चुके लोगों के हाथ पांव कुछ देर के लिए फूल गए। गैस किट फटने से विस्फोट के अंदेशे से वहां सुरक्षा घेरा बनाया गया और भीड़ को दूर किया गया।