मंतूराम के लिए भाजपा ने दरवाजा खोला
अंतागढ़ में भाजपा के लिए राह आसान बनाने वाले मंतूराम पवार के लिए भाजपा ने दरवाजे खोल दिए हैं। उनका भाजपा प्रवेश तय माना जा रहा है। फिलहाल मंतूराम और भाजपा खामोश है लेकिन एक दूसरे की तारीफाें के बाद चल रही अंदरुनी राजनीति से जो संकेत मिल रहे हैं, उसके अनुसार भाजपा मंतूराम को मझधार में नहीं छोड़ेगी।
मुख्यमंत्री डॉ. रमन सिंह ने अंतागढ़ में जीत के बाद कहा-मंतूराम को भाजपा में लेने का फैसला पार्टी करेगी। यानी उन्होंने सीधे कोई बात नहीं कही लेकिन यह भी संकेत दे दिया कि मंतूराम पार्टी के विचार में है। दूसरी ओर भाजपा अध्यक्ष धरमलाल कौशिक कह रहे हैं कि अभी तक उनके सामने मंतूराम को पार्टी में लेने का प्रस्ताव नहीं आया है। अभी तो हम लोग नगरीय निकाय चुनाव की तैयारी कर रहे हैं। बाद में देखते हैं। इन दोनों से हटकर मंतूराम कह रहे हैं कि वे अभी इतनी जल्दी फैसला नहीं कर रहे हैं।
अभी तो वे साथियों से बात करेंगे। किस दिशा में जाना है यह तय करेंगे। भाजपा या फिर अपनी पार्टी। वैसे मंतूराम ने चुनाव परिणाम आने के बाद मुख्यमंत्री की तारीफ कर अपना भाजपा प्रेम उजागर तो कर ही दिया है। साथ ही उन्होंने प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष भूपेश बघेल पर हमला बोलते हुए कहा-मैं कांग्रेस नेताओं के खिलाफ पुलिस में एफआईआर कराकर ही दम लूंगा।
भूपेश बघेल ने मुझे जबरन मैदान में उतारकर गलत किया। पिछले तीन चुनाव में मुझे हराने में कांग्रेस के महासचिव राजेश तिवारी का हाथ रहा।
हार के बाद बघेल पर हमला तेज करने की तैयारी
अंतागढ़ में हार के बाद प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष भूपेश बघेल पर हमला तेज होने के संकेत हैं। जोगी खेमे की ओर से एक बार फिर बघेल के खिलाफ दिल्ली में मोर्चा खोलने के संकेत हैं। वैसे इस बार मंतूराम को सामने कर हमला बोलने के संकेत मिल रहे हैं। ऐसा कहा जा रहा है कि मंतूराम को कांग्रेस अध्यक्ष सोनिया गांधी और उपाध्यक्ष राहुल गांधी से मिलाने का प्रयास किया जा रहा है। मंतूराम ने भी दोनों नेताओं से मिलने के लिए समय मांगा है।