- Hindi News
- पूर्व विधायक के बेटे को थाने में बिठाया, हंगामा
पूर्व विधायक के बेटे को थाने में बिठाया, हंगामा
रायपुर|पार्किंग कोलेकर भाजपा के पूर्व विधायक नंदे साहू के पुत्र का पुलिस के जवानों के साथ विवाद हो गया। झगड़ा बढ़ने के बाद पुलिस अधिकारियों ने भाजपा नेता के बेटे को सरस्वतीनगर थाने में बिठा दिया। इस बात की खबर मिलते ही पूर्व विधायक नंदे साहू अपने समर्थकों के साथ पहुंच गए और उन्होंने थाने का घेराव कर दिया। बाद में एक मंत्री के हस्तक्षेप के बाद दोनों पक्षों में समझौता हो गया। पुलिस के अनुसार रायपुर ग्रामीण के पूर्व विधायक साहू के बेटे हरिओम साहू दोपहर बाद साइंस कॉलेज के मैदान में आयोजित कार्यक्रम में शामिल होने के लिए पहुंचे।
उन्होंने अपनी कार गलत जगह खड़ी कर दी थी। यातायात पुलिस के एएसआई ने ट्रैफिक बाधित होता देखकर कार को क्रेन से उठवाकर थाने पहुंचा दिया। इससे नाराज होकर पूर्व विधायक के पुत्र ने थाने में हंगामा किया। उनकी पुलिस के जवानों और वहां मौजूद अधिकारियों से बहस हो गई। उसके बाद उन्हें थाने में बिठा दिया गया। उसी के बाद पूर्व विधायक अपने समर्थकों के साथ पहुंचे और बेटे को थाने में बिठाने का विरोध करने लगे। उनके और पुलिस अधिकारियों के बीच भी विवाद हुआ। हालात बिगड़ने के बाद भाजपा के बड़े नेताओं को खबर मिली। एक मंत्री ने हस्तक्षेप किया और दोनों पक्षों के बीच समझौता कराया।