- Hindi News
- राज्य में मानसून का कोटा लगभग पूरा; चाहिए 1147, हुई 11 सौ मिमी
राज्य में मानसून का कोटा लगभग पूरा; चाहिए 1147, हुई 11 सौ मिमी
छग में 10 अक्टूबर के बाद मानसून की वापसी
पश्चिमीयूपी, उत्तराखंड, पूर्वी मध्य प्रदेश, गुजरात, केरल समेत कई राज्यों में मानसून की वापसी शुरू हो गई है। इसे पूरी तरह खत्म होने में दो महीने तक लग जाते हैं। लेकिन छत्तीसगढ़ में मानसून की वापसी शुरू होने में 20 से 25 दिन लगने की संभावना है। लालपुर मौसम केंद्र के सहायक मौसम विज्ञानी पीएल देवांगन के अनुसार राज्य में आमतौर पर 10 से 15 अक्टूबर के बीच मानसून की वापसी होती है।
नगर संवाददाता. रायपुर
रायपुर समेत राज्य के बड़े हिस्से में शनिवार को हुई बारिश से इस साल का मानसून का कोटा लगभग पूरा हो गया है। सुबह साढ़े 8 बजे तक 1072 मिमी बारिश हुई थी। मौसम विशेषज्ञों का अनुमान है कि शनिवार को शाम 5 बजे से रात 12 बजे तक 35 मिमी के आसपास बारिश हुई है। इस तरह, मानसून की बारिश इस साल अब 1100 मिमी से अधिक हो गई। छग में मानसून की बारिश का औसत 1147 मिमी है। सिस्टम के असर से दो-तीन दिन और बारिश होने पर यह औसत से अधिक हो जाएगी।
शुक्रवार की रात राजधानी सहित प्रदेशभर में भारी बारिश हो रही है। पिछले 24 घंटे में जगदलपुर में सबसे ज्यादा 130 मिमी पानी बरसा। इस दौरान राज्यभर में औसतन 25 मिमी से ज्यादा बारिश हुई। रायपुर में 35 मिमी, अंबिकापुर, माना और दुर्ग में 34 तथा राजनांदगांव में 15 मिमी बारिश रिकार्ड की गई। शनिवार की शाम से बस्तर और रायपुर संभाग में अच्छी बारिश हो रही है। यह एक-दो दिन चल सकती है।
हालांकि मौसम विभाग के मुताबिक उत्तर-पूर्व, पूर्व और दक्षिण के राज्यों में मानसून अब भी सक्रिय है। कुछ जगहों पर हल्की और कुछ जगहों पर भारी बारिश के आसार हैं।
मौसम विभाग की तरफ से जारी बुलेटिन में कहा गया है कि
देश में अभी तक 734.7 मिमी बारिश हुई है। यह सामान्य से 12 फीसदी कम है। सामान्य बारिश का आंकड़ा 833.9 मिमी है। उत्तर-पूर्व और पूर्व तटीय इलाकों में बारिश होने के बाद स्थिति में सुधार की उम्मीद है।
कम बारिश से खरीफ फसलों की बुवाई भी प्रभावित हुई है। शुक्रवार को कृषि मंत्री राधामोहन सिंह ने बताया था कि कम बुवाई के कारण इस बार खरीफ का उत्पादन पिछले साल से सात फीसदी कम रहने का अनुमान है।