पाएं अपने शहर की ताज़ा ख़बरें और फ्री ई-पेपर

डाउनलोड करें
  • Hindi News
  • सीवर के गंदे पानी से हीरापुर क्षेत्र में पीलिया, चार दिन में दूसरी मौत

सीवर के गंदे पानी से हीरापुर क्षेत्र में पीलिया, चार दिन में दूसरी मौत

6 वर्ष पहले
  • कॉपी लिंक
हीरापुरमें महामारी की तरह फैल रहे पीलिया से शनिवार को एक युवती की मौत हो गई। यहीं की आरडीए कॉलोनी में बुधवार को एक युवक ने पीलिया से दम तोड़ा था। इसी के साथ राजधानी में डेढ़ माह के भीतर पीलिया से मरनेवालों की संख्या चार हो गई है।

हीरापुर गुरुद्वारा के पीछे रहने वाले 24 साल की कुशदीप कौर को पीलिया होने की पुष्टि 1 फरवरी को हुई थी। उसके बाद से वह कोटा के एक निजी अस्पताल में भर्ती थी और उसकी हालत लगातार बिगड़ रही थी। कुशदीप की चार साल और 11 महीने की दो बेटियां हैं। उसके पति बलजीत सिंह और दोनों बेटियों को भी पीलिया है। सभी का इलाज चल रहा है। हीरापुर पहुंची भास्कर टीम को मृतक के परिजनों ने बताया कि नल से रहा गंदा पानी कुशदीप की मौत और परिवार के पीलिया से पीड़ित होने की वजह बना। यहां नगर निगम पानी सप्लाई कर रहा है। पाइप लाइन कई जगह से लीक है। आशंका है कि सीवर की गंदगी पीने के पानी में मिल रही है, इसलिए इलाके में पीलिया फैला। यहीं लगभग तीन दर्जन मकानों में पीलिया के 20 से ज्यादा मरीज हैं। अलग-अलग अस्पतालों में उनका इलाज चल रहा है। शनिवार को आरडीए कॉलोनी के 10 लोगों को विभिन्न अस्पतालों में भर्ती किया गया। ब्लड सैंपल की जांच में बिलीरुबीन बढ़ा हुआ मिला है। यानी वे पीलिया के मरीज हैं।



एम्स की ओपीडी में प्रतिदिन 5 से 8 मरीज पीलिया के रहे हैं। अधिकारियों के अनुसार कुछ मरीजों को भर्ती किया जा रहा है।

रायपुर में महामारी नियंत्रण के नोडल अधिकारी डॉ. एसके चंद्रवंशी ने बताया कि हीरापुर में मृत महिला के परिजनों के ब्लड सैंपल लेकर जांच के लिए भेजे गए हैं। इलाके में पानी के सैंपल भी लिए गए। उधर, हीरापुर में शनिवार को 120 संदिग्ध मरीजों के खून के सैंपल इकट्ठा किए गए हैं। जिनके सैंपल दो दिन के भीतर जांच के लिए भेजे गए थे, उनमें 18 को पीलिया की पुष्टि हुई है। ब्राह्मणपारा में भी पीलिया के चार मरीज मिले हैं।