- Hindi News
- रमन ने कहा राज्य में मंत्रिमंडल का विस्तार फिलहाल नहीं
रमन ने कहा- राज्य में मंत्रिमंडल का विस्तार फिलहाल नहीं
छत्तीसगढ़ के 13 महीने पुराने मंत्रिमंडल में तत्काल कोई बदलाव नहीं होने जा रहा है। मुख्यमंत्री डॉ रमन सिंह ने मंत्रिमंडल विस्तार की अटकलों को खारिज कर दिया है। उन्होंने कहा है कि अभी विधानसभा का बजट सत्र है। इस कारण फिलहाल इस बारे में सोचा नहीं जा रहा है। दिल्ली और मुंबई की यात्रा से लौटे मुख्यमंत्री ने कहा कि विधानसभा बजट सत्र की अधिसूचना जारी हो गई है, सभी मंत्री अधिकारी बजट सत्र की तैयारी में जुटे हुए हैं। विस्तार अब सत्र के बाद ही किया जाएगा। मुख्यमंत्री का बयान उस समय आया जब बुधवार को राजधानी में दिनभर मंत्रिमंडल फेरबदल को लेकर दिनभर कयास लगाए जा रहे थे। इसमें यह भी कहा जा रहा था कि 18 फरवरी को मंत्रिमंडल का विस्तार किया जा रहा है। लेकिन रायपुर लौटते ही मुख्यमंत्री ने इन कयासों को बेमानी बताया।
पंचायत चुनाव के नतीजों को लेकर कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष भूपेश बघेल द्वारा लगाए गए आरोपों पर डॉ सिंह ने कहा कि भूपेश हमेशा मुझ पर आरोप लगाते हैं। पंचायत चुनावों में सीएम की क्या भूमिका हो सकती है।